शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

आषाढ़ में लगी सावन की झड़ी

आषाढ़ महीने में लगी सावन की झड़ी

H

Hupendra Sharma

07 जुल. 2025, 07:06 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

बारिश
बारिश

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में मानसून मेहरबान है. जिसके चलते पिछले तीन दिनों से झमाझम बारिश हो रही है. शनिवार से शुरू हुआ बारिश का दौर सोमवार को भी जारी रहा. कभी तेज तो कभी धीमी गति से हो रही बारिश से चारों तरफ पानी ही पानी बहने लगा है.


खेत-खलिहान से लेकर सड़कें, जलमग्न हैं. लगातार हो रही बारिश से आषाढ़ महीने में ही सावन की झड़ी का अहसास होने लगा है.


इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार को मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है.


रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम में ऑरेज अलर्ट जारी किया है.


उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. बिलासपुर और बस्तर संभाग के जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.


मौसम विभाग ने बस्तर, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.


मौसम विभाग ने 3 दिन पहले ही भारी बारिश को लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा और बिलासपुर संभाग के लिए अलर्ट जारी किया था.


जिसका असर भी देखने को मिल रहा है. लगातार हो रही बारिश की वजह से कई छोटे नदी नाले उफान पर हैं.


इधर बिलासपुर में 24 घंटों से जोरदार बारिश हो रही है. लगाता बारिश से शहर के टिकरापारा क्षेत्र में दीवार गिर गई. नीचे खड़ा ऑटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.


वहीं मलबे से कई घरों के दरवाजे भी बंद हो गए हैं, जिससे लोगों को बाहर निकलने में परेशानी का सामने करना पड़ रहा है. 


बताया जा रहा है कि इस दौरान एक व्यक्ति दीवार की चपेट में आने से बाल-बाल बचा. राहत की बात है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.


वहीं शहर के निचली कॉलोनियों में पानी भर गया है. शहर के पुराना बस स्टैंड, मिशन अस्पताल रोड, सरकंडा सहित कई इलाके पानी में डूबे रहे.


इधर अरपा नदी का भी जल स्तर बढ़ गया है. जिस वजह से उससे सटे निचले इलाकों में पानी घरों में घुस रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP