रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कनहर एनीकट से पानी बहा, रामानुजगंज में जलसंकट गहराया

कनहर एनीकट से पानी बह जाना घोर लापरवाही, अब जल संकट

H

Hupendra Sharma

19 मई 2025, 08:15 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

कनहर नदी
कनहर नदी

बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज शहर के लिए जीवनदायिनी मानी जाने वाली कनहर नदी में बने एनीकट का गेट अचानक खुल गया. जिससे एनीकट में स्टोर किया गया पानी बहकर निकल गया.


भीषण गर्मी में एनीकट के सूखने से अब जल संकट की चिंता सताने लगी है. क्योंकि नगरपालिका की जलप्रदाय व्यवस्था पूरी तरह से कनहर नदी पर ही आश्रित है. 

विज्ञापन


सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि एनीकट का गेट खुला तो खुला कैसे, अभी तक इसकी स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है.


दूसरी ओर यह भी सुनने में आ रहा है कि एनीकट का गेट खराब होने के कारण पिछले तीन दिनों से पानी निकल रहा था, लेकिन किसी का ध्यान इस ओर नहीं गया. इस लापरवाही का खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ेगा. 


रामानुजगंज नगर में जल संकट से निपटने के लिए कनहर नदी में एनीकट बनाया गया था. करीब 9 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से इसका निर्माण कराया गया था.


इसी एनीकट के जल स्त्रोत से ही करीब 25 हजार की आबादी को पेयजल आपूर्ति की जाती है.


कनहर नदी का पानी फिल्टर होने के बाद लोगों के घर तक पहुंचता है, लेकिन एनीकट से पानी का बह जाना लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है. एनीकट में जैसे ही पानी कम होने की जानकारी लोगों को हुई, बड़ी संख्या में रविवार को लोग मछली मारने के लिए टूट पड़े.


युवाओं के साथ बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी बड़ी संख्या में पहुंची. कुछ मछुआरे तो जाल से भी मछली मारते नजर आए.


गौरतलब है कि जब से एनीकट का निर्माण हुआ है तब से ही गेट खराब होने के आरोप लगते रहे हैं.


इस कारण से अभी तक कभी भी गर्मी में एनीकट में जल भराव नहीं हो सका है. अन्य सालों की तुलना में इस साल कुछ ज्यादा ही पानी भरा हुआ था. लेकिन पिछले दो-तीन दिनों में इस तेजी से पानी निकला है कि एनीकट ही सूख गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP