सड़क बनवाने ग्रामीणों को करना पड़ा 56 घंटे चक्काजाम
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खरसिया से छाल तक 16 किमी लंबी बदहाल सड़क की मरम्मत कराने दो गांव के ग्रामीणों ने करीब 56 घंटों तक चक्काजाम किया.
प्रशासन द्वारा जब सड़क निर्माण शुरू किया गया, तो उसके बाद ही ग्रामीण चक्काजाम खत्म कर सड़क से हटे. ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि जब तक सड़क का काम शुरू नहीं होता, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे.
ग्राम खेदापाली और चंद्रशेखरपुर एडु के ग्रामीण सड़क में गड्ढे और धूल की वजह से काफी परेशान थे. बार-बार शासन-प्रशासन से सड़क मरम्मत की मांग करने के बाद भी काम शुरू नहीं किया जा रहा था. हर बार सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा था.
इससे परेशान ग्रामीणों ने चक्काजाम करने का फैसला लिया. मंगलवार को सुबह 9 बजे से दोनों गांव के ग्रामीण सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया. सड़क पर टेंट लगाकर दोनों गांव के ग्रामीण बैठ गए. जिसमें महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग शामिल थे.
इसकी जानकारी लगते ही ग्रामीणों को समझाइश देने अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि चंद्रशेखरपुर एडु और खेदापाली के बीच जर्जर हिस्से का निर्माण पहले किया जाएगा. लेकिन ग्रामीणों ने अधिकारियों की एक नहीं सुनी और जब तक सड़क मरम्मत का काम शुरू नहीं होगा, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे कहते हुए अधिकारियों को बैरंग लौटा दिए.
आंदोलन के दौरान ग्रामीणों ने दो रातें सड़क पर गुजारी. सड़क पर ही खाना बनाकर खाए और सोए. इस दौरान तहसीलदार भी समझाइश देने पहुंचे. लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं हुए.
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 16 किमी की सड़क बदहाल हालत में है. सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं. धूल से भी हर दिन ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
इसके बाद गुरुवार शाम 5 बजे धरमजयगढ़ एसडीएम धनराज मरकाम ने ग्रामीणों को बताया कि सड़क निर्माण के लिए मटेरियल पहुंचाने के साथ सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है.
ग्रेडर से सड़क के लेवलिंग का काम किया जा रहा है. जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया.