कोण्डागांव मुठभेड़ में मारे गए दो इनामी माओवादी
कोण्डागांव | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव-नारायणपुर जिले की सीमा क्षेत्र किलम-बुरगुम के जंगल में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है.
इस मुठभेड़ में डीआरजी और बस्तर फाइटर के जवानों ने 2 हार्डकोर माओवादियों को मारने का दावा किया है.
मारे गए माओवादियों की पहचान ईस्ट बस्तर डिवीजन के नक्सली कमांडर डीवीसीएम हलदर और एसीएम रामे के रूप में की गई है.
पुलिस के मुताबिक मारे गए माओवादी डिवीसीएम हलदर पर 8 लाख और एसीएम रामे पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित है.
शव के साथ जवानों ने एके-47 राइफल और एक पिस्टल समेत विस्फोटक सामान और माओवादियों का दैनिक सामान बरामद किए हैं.मुठभेड़ वाले इलाके में अभी भी सर्च अभियान जारी है. बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि की है
दोनों माओवादी माड़ इलाके में थे सक्रिय बस्तर आईजी सुंदरराज.पी ने बताया कि मंगलवार को डीआरजी और बस्तर फाइटर के जवानों की संयुक्त टीम नारायणपुर और कोंडागांव की सीमा क्षेत्र से लगे बुरगुम इलाके में नक्सल विरोधी अभियान में निकली थी.
इसी दौरान जवानों को सूचना मिली कि किलम- बुरगुम इलाके में माओवादियों की मौजूदगी है.
इसी सूचना के आधार पर जवानों को मौके के लिए रवानी किया गया. मंगलवार की शाम माओवादियों और जवानों के बीच मुठभेड़ हुई.
यह मुठभेड़ करीब 1 घंटे तक चली. इसके बाद जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी भाग निकले.
घटनास्थल की सर्चिंग के दौरान 2 वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए गए. दोनों की पहचान कर ली गई है.
इसके अलावा घटना स्थल से माओवादियों का विस्फोटक सामान एके-47 राइफल और एक पिस्टल बरामद किया गया.
आईजी ने बताया कि मारे गए दोनों हो माओवादी लंबे समय से अबूझमाड़ इलाके में सक्रिय रहे हैं. दोनों कई बड़ी नक्सली घटनाओं में भी शामिल रहे हैं.
.