रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

तेंदुआ और वन भैंसा को मारने वाले दो शिकारी गिरफ्तार

H

Hupendra Sharma

23 अप्रै. 2025, 02:51 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

शिकारी गिरफ्तार
शिकारी गिरफ्तार

महासमुंद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में तेंदुए और वनभैंसा का शिकार करने वाले दो आरोपियों को वन विभाग ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने दो दिन पहले ही करंट लगाकर दोनों वन्यजीवों का शिकार किया था. एक आरोपी अभी भी फरार है. 


आरोपी बागबाहरा वन परिक्षेत्र के खल्लारी सर्किल के संरक्षित वन क्षेत्र में मोटरसाइकिल के क्लच वायर में करंट फैलाकर वन जीवों का शिकार करते थे. 21 अप्रैल को भी करंट का जाल बिछाया था. हाईटेंशन बिजली के खंभे से करीब 400 मीटर लंबा तार बिछाया था. 

विज्ञापन


जिसकी चपेट में वन भैंसा और तेंदुआ आ गए थे. मौके पर ही दोनों की मौत हो गई. इस घटना के बाद रेंजर लोकनाथ ध्रुव के नेतृत्व में एक टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी.


इसके लिए गांव-गांव में मुखबिर तैनात किए थे. इस बीच खल्लारी निवासी मुकेश रावत और ओंकारबंद निवासी मनोहर यादव के बारे में जानकारी मिली. वन विभाग ने शक के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.


साथ ही यह भी बताया कि इससे पहले एक जंगली सुअर का भी शिकार किया था. आरोपियों के पास से बिजली के तार, जंगली सुअर का पका मांस, कांच की शीशी, कुल्हाड़ी, लकड़ी की खूंटी, जानवर का पंख और खरगोश व पक्षी पकड़ने का फंदा बरामद हुआ है.


दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP