रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जवानों ने सुरक्षा कैम्प को सुविधा कैम्प बना दिया- साय

जवानों के सुरक्षा कैम्प को सुविधा कैम्प बना दिया- साय

H

Hupendra Sharma

15 मई 2025, 01:19 PM 3 मिनट में पढ़ें 2

 सुरक्षा कैम्प बना सुविधा कैम्प
सुरक्षा कैम्प बना सुविधा कैम्प

दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बस्तर के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के दौरे पर पहुंचे. सीएम बीजापुर जिले के उसूर तहसील के अंदरूनी गांव गलगम में सीआरपीएफ जवानों से मुलाकात कर हालिया नक्सल विरोधी अभियान की सफलता पर चर्चा की.


इधर दंतेवाड़ा जिले के नक्सल प्रभावित मुलेर में सीएम ने इमली पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. यहां सीएम ने उप स्वास्थ्य केन्द्र, सड़क और पुलिया निर्माण की सौगात दी.

विज्ञापन


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गलगम में सीआरपीएफ के जवानों से चर्चा कर उनका हौसला बढ़ाया.


सीएम ने कहा मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने का लक्ष्य है. निश्चित रूप से जवानों के अदम्य साहस और समर्पण के साथ इस संकल्प को पूरा कर लेंगे. बस्तर में नियद नेल्ला नार ने स्थानीय लोगों से जुड़ने में अहम भूमिका निभाई है.


मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जवान 44 डिग्री की गर्मी में भी ऑपरेशन चलाते हैं. ऐसे जवानों के अदम्य साहस को मैं नमन करता हूं. जवानों के भरोसे ही सुरक्षा कैम्प लोगों के लिए सुविधा कैम्प बना है. सुरक्षा कैम्प के माध्यम से अब बस्तर में अनेक तरह की सुविधाएं पहुंच रही है.


मुख्यमंत्री साय ने इस अभियान को नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बताया. मुख्यमंत्री श्री साय ने गलगम कैंप में जवानों के साथ तस्वीर खिंचाई और भारत माता के जयकारे से उनका जोश बढ़ाया. 

माओवादियों का गढ़ ढहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों ने अदम्य साहस और समर्पण के साथ इस ऑपरेशन को सफल बनाया. यह बस्तर ही नहीं पूरे राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है. गलगम और कर्रेगुट्टालु का क्षेत्र लंबे समय से माओवादियों का गढ़ माना जाता रहा है. इस अभियान ने इस इलाके को सुरक्षित बनाने की दिशा में नई उम्मीद जगाई है.


मुख्यमंत्री श्री साय के कहा कि हमें नक्सल विरोधी अभियान में लगातार सफलता मिल रही है.


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय यहां ग्रामीण हितग्राहियों से भी मुलाकात की. इस दौरान ग्रामीणों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड का वितरण किया. पीएम आवास योजनांतर्गत स्पेशल प्रोजेक्ट नक्सल पीड़ित व आत्मसमर्पित परिवारों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया. 


मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा, ताकि ग्रामीण मुख्यधारा से जुड़ सकें. इसके साथ ही, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी.

मुलेर में इमली पेड़ के नीचे लगाई चौपाल

नक्सल प्रभावित मुलेर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इमली पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी.


ग्रामीणों से चर्चा करने के बाद सीएम राशन दुकान का निरीक्षण करने पहुंचे. एक हितग्राही का राशन को वजन करवाकर भी देखा.


मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी में बच्चों से अक्षर ज्ञान, रंग-पहचान आदि की जानकारी ली.


मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर प्रदेश की 10वीं बोर्ड परीक्षा में 9वां स्थान प्राप्त करने वाली दंतेवाड़ा की छात्रा रमशिला नाग से भेंट की, उसे पुष्पगुच्छ भेंटकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया.


 मुख्यमंत्री श्री साय ने यहां कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उप स्वास्थ्य केन्द्र, सड़क, पुलिया और सीसी सड़क निर्माण की सौगात ग्रामीणों की दी.


सीएम ने ग्रामीणों से कहा कि जल्द ही गांव में शिविर लगाकर वनाधिकार मान्यता पत्र, आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड भी बनाया जाएगा..



यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP