जंगली सूअर के धोखे में शिकारी ने साथी को ही गोली से मार डाला
जंगली सूअर के धोखे में शिकारी ने साथी को मारी गोली
बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली सूअर का शिकार करने गए युवक ने अपने ही साथी को शिकार समझ कर गोली मार दी. गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है. मृतक कक्षा 12वीं का छात्र था.
पुलिस के मुताबिक घटना त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के डिंडो चौकी के बिमलापुर जंगल की है. ग्राम बेलसर निवासी राजेन्द्र पंडो शुक्रवार को गांव के ही मुकेश कुमार आयाम के साथ बिमलापुर के जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने गया था.
जंगल में दोनों अलग-अलग होकर जंगली सूअर की तलाश कर रहे थे. सूअर की तलाश में शाम हो गई. अंधेरा होने की वजह से कुछ भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था.
इसी बीच झाड़ियों के बीच से मुकेश आयाम आ रहा था. जिसे राजेन्द्र ने जंगली सूअर समझ कर भरमार बंदूक से गोली चला दी. गोली मुकेश के पीठ में लगी. गोली लगते ही मुकेश की चीख सुनकर राजेन्द्र उसके पास पहुंचा. कुछ देर में ही मुकेश की मौत हो गई.
देर शाम को राजेन्द्र गांव पहुंचा और घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी. इसके बाद रात में घटना की सूचना डिंडो पुलिस को दी गई. रात हो जाने की वजह से पुलिस शुक्रवार को मौके पर नहीं पहुंची. मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने पूरी रात जंगल में शव की रखवाली की.
शनिवार को सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा किया. आरोपी युवक को हिरासत में लेकर बंदूक को जब्त कर लिया है.