दंतेवाड़ा-नारायणपुर में 31 माओवादियों का समर्पण
छत्तीसगढ़ दंतेवाड़ा-नारायणपुर में 31 माओवादियों का समर्पण
दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पुलिस ने 3 ईनामी सहित कुल 26 माओवादियों ने आत्मसमर्पण का दावा किया है. वहीं नारायणपुर में 5 महिला माओवादियों ने मुख्य धारा में लौटने का फैसला किया है. पुलिस के अनुसार ये माओवादी सड़क खोदना, नक्सली बैनर पोस्टर लगाने जैसी घटनाओं में शामिल थे.
आत्मसमर्पित माओवादियों में 1 आमदई एरिया जनमिलिशिया कमाण्डर, 1 गमपुर आरपीसी जनताना सरकार अध्यक्ष और 20 बेचापाल आरपीसी मिलिशिया, सीएनएम एवं डीएकेएमएस सदस्य के पद पर सक्रिय थे. इसी तरह 3 केशकुतुल आरपीसी मिलिशिया व डीएकेएसएस सदस्य और 1 गुड़से आरपीसी डीएकेएमएस सदस्य के पद पर काम कर रहे थे.
आत्मसमर्पित माओवादी राजेश कश्यप पर 3 लाख, कोसा माड़वी पर 1 लाख और छोटू कुंजाम पर 50 हजार रूपए का ईनाम घोषित था.
पुलिस के मुताबिक लोन वर्राटू यानी घर वापसी अभियान के तहत दंतेवाड़ा में अब तक 224 ईनामी सहित 953 माओवादियों ने सरेंडर किया है. इसी तरह नारायणपुर जिले में आत्मसमर्पण करने वाली सभी माओवादी माड़ डिवीजन के कुतुल, नेलनार और परलकोट एरिया कमेटी में सक्रिय रही हैं.
इन सभी महिला माओवादियों पर शासन द्वारा एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.