साय सरकार फेल, पैसे बिना नहीं होता काम- ननकी राम
बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर ने अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है. उन्होंने वर्तमान की विष्णदेव साय की सरकार और पूर्व की डॉ. रमन सिंह की सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
उन्होंने कहा है कि प्रदेश में बिना पैसों के कोई काम नहीं हो रहा है. हर जगह भ्रष्टाचार का बोलबाला है. इसीलिए भाजपा के कार्यकर्ता नाखुश हैं. हालांकि ननकी राम कंवर ने केन्द्र की मोदी सरकार की तारीफ की है. उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार अच्छा काम कर रही है.
दरअसल, सोमवार को पूर्व गृहमंत्री बिलासपुर में मीडिया से बात कर रहे थे. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर भी चुनाव हराने का आरोप लगाया है.
उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह ने पार्टी के अंदर मेरे खिलाफ साजिश रची. पार्टी के लोगों ने ही मुझे हराने का काम किया है. मुझे तीन बार हराने की कोशिश की गई. रमन सिंह ने पार्टी के लोगों को ही हराने का काम किया है. मैं कहीं भी रहूं, जनता और कार्यकर्ताओं के लिए काम करता रहूंगा. उनके ही काम से यहां आया हूं.
ननकी राम कंवर ने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी और मैं गृहमंत्री था, तभी नक्सलियों का खात्मा हो जाता. मैंने पूरी तैयारी कर ली थी. लेकिन पूर्व की केन्द्र सरकार ने कोई मदद नहीं की. केन्द्र की कांग्रेस सरकार ने न तो फोर्स भेजा, न आर्थिक मदद दी.
उन्होंने उस समय की केन्द्र की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया है कि वह नक्सलियों से मिली हुई थी.
उन्होंने कहा है कि विष्णुदेव साय का कामकाज ठीक नहीं है. यह सरकार पूरी तरह से फेल है. हर दफ्तर में पैसे के बिना काम नहीं हो रहा है.
ज्ञात हो कि पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर इससे पहले भी कई बार राज्य सरकार के खिलाफ हमला बोल चुके हैं. उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर कई बार पीएम मोदी को भी पत्र लिख चुके हैं.