रायपुर में कार से 1 करोड़ 66 लाख बरामद
छत्तीसगढ़ रायपुर में कार से 1 करोड़ 66 लाख बरामद
रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर में बीती रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक कार से 1 करोड़ 66 लाख रुपए नगद बरामद किया गया है. साथ ही कार सवार दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
बताया जा रहा है कि यह रकम रायपुर से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था. इसके लिए कार में एक सीक्रेट चेंबर बनाया गया था, जिसमें छिपाकर रकम रखा गया था.
पुलिस को यह रकम हवाला या सट्टे की होने की आशंका है.
मंगलवार की देर रात आमानाका थाना पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी. उसी दौरान एक कार को रुकवाकर जांच की तो कार में पीछे की सीट के नीचे खुफिया चेंबर बना हुआ दिखाई दिया. इस चेंबर में बकायदा ताला लगा हुआ था. पुलिस ने ताला तोड़कर देखा तो उसके भीतर नोटों की गड्डियां भरी हुई थी.
पुलिस ने कार चालक और उसके साथी से पूछताछ की तो बताया कि नोटों के संबंध में उन्हें कुछ भी पता नहीं है. यहां तक कि रकम किसकी है, यह भी पता नहीं है. उन्हें नागपुर के पास गाड़ी बदलने के लिए कहा गया था.
पुलिस के मुताबिक चालक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है. उसे सिर्फ वेतन और डीजल का पैसा मिलता है. फिलहाल पुलिस ने रकम को इनकम टैक्स विभाग को सौंप दिया है.