रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग में सुबह से पाकिस्तानी नागरिकों की छानबीन

H

Hupendra Sharma

27 अप्रै. 2025, 08:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

पाकिस्तानी
पाकिस्तानी

दुर्ग | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार सुबह से पाकिस्तानी नागरिकों की खोजबीन जारी है. इसके लिए दुर्ग पुलिस ने तीन अलग-अलग टीमें बनाई हैं.


टीम आज तड़के 4 बजे से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर संदिग्धों की पहचान कर रही है. तलाशी के दौरान पुलिस की टीम ने भिलाई के बॉम्बे आवास से 10, हथखोज से 8 और सुपेला कर्बला मैदान से 6 संदिग्धों की पहचान की है. फिलहाल पुलिस सभी के दस्तावेजों की जांच कर रही है.

विज्ञापन


बताया गया कि एसपी विजय अग्रवाल ने तीन एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर, अभिषेक झा और पद्मश्री तंवर के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीम बनाई है. एएसपी अभिषेक झा ने दुर्ग में मोहन नगर थाना इलाके के उरला क्षेत्र स्थित बॉम्बे आवास में छापामारी की.


वहीं एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने भिलाई तीन थाना क्षेत्र के हथखोज इलाके में दबिश दी.


इसी तरह एएसपी पद्मश्री तंवर ने सुपेला थाना क्षेत्र के सुपेला मस्जिद के पीछे वाले हिस्से में पहुंच कर जांच पड़ताल की. 


बताया गया कि पुलिस ने संदिग्ध क्षेत्रों में एक-एक घर की तलाशी ली है. इस दौरान लोगों के निवास से संबंधित वैध दस्तावेजों की जांच की है.


साथ ही सभी लोगों के फिंगर प्रिंट्स भी लिए गए. इसे पुलिस अपने ऐप के जरिए आपराधिक रिकार्ड से मिलान करेगी.


इस छापेमारी के दौरान पुलिस को 4 फरार वारंटी भी मिले हैं. जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. 


गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार एक्शन मोड पर है.


सरकार ने अल्पकालिक वैध वीजा पर भारत आए पाकिस्तान मूल के नागरिकों को 29 अप्रैल तक भारत छोड़ने का आदेश दिया है.


भारत आए पाकिस्तानी नागरिकों के पास अब कुछ ही घंटों का समय बचा हुआ है. ऐसे में अब देश भर में पाकिस्तानी नागरिकों की ताबड़तोड़ तलाश की जा रही है.


पाकिस्तानी समूह ने गृह मंत्री से की मुलाकात

वहीं रायपुर में सिंध पाकिस्तान से 22 अप्रैल को ही यहां पहुंचे लोगों ने 25 अप्रैल को प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की और कहा कि हमें वापस नहीं जाना है.


सोशल मीडिया पर पाकिस्तानियों और विजय शर्मा के बीच बातचीत का वीडियो खुद गृहमंत्री विजय शर्मा ने पोस्ट किया है.


उन्होंने खुद को सिंधी समुदाय का हिंदू बताया और प्रदेश में रहने दिए जाने की गुजारिश की है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP