ऑपरेशन सिंदूरः मुख्यमंत्री साय बोले, हर-हर महादेव
रायपुर | संवाददाताः भारत ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेना शुरू कर दिया है. भारत ने मंगलवार आधी रात को आतंकवाद के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया और पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर हमला बोल दिया. इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए हैं.
भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत बहावलपुर, कोटली और मुजफ्फराबाद में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया. इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ ही अन्य लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा- हर-हर महादेव, वंदे मातरम. गौरवान्वित और भावुक महसूस करते हुए यह पंक्तियां पहलगाम की हर बहन को समर्पित कर रहा हूं.
लिख चुके है फिर लिखेंगे बार-बार इतिहास में
होंगे शत्रु सदा विफल हमसे द्वंद के प्रयास में
तुमने कहा “ मोदी को बोलो” मृत्यु के उपहास में
अब सुनो हमारा गर्जन अपनी अंतिम सांस में
नया भारत है घर घुस कर मारता है- विजय शर्मा
डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा ने भी ट्वीट कर सेना के शौर्य की तारीफ की है.
विजय शर्मा ने लिखा है आतंकियों ने कहा था मोदी को बता देना, कल रात पीएम मोदी ने बता दिया, आतंकियों की जमीन को मिट्टी में मिला दिया.
उन्होंने दूसरे ट्वीट में लिखा कि ये नया भारत है घर में घुस कर मारता है.
सबका का बदला लिया जाएगा. ऑपरेशन सिंदूर. चुन-चुन कर बदला लिया जाएगा.
डिप्टी सीएम अरुण साव ने दिनकर की कविता लिखी-जब नाश मनुज पर छाता है. पहले विवेक मर जाता है. पाक पोषित आतंकियों ने धर्म पूछकर भारत की बेटियों के 26 "सिंदूर" उजाड़े थे. आज मां भारती के लालों ने #OpertaionSindoor लॉन्च करके नापाक आतंकवादियों के बड़े ठिकानों को ही उजाड़ दिया है. ये नया भारत है, ये मोदी का भारत है. घर में घुसकर मारता है. जय हिंद की सेना. वंदे मातरम्.
बदले के लिए खौल रहा था खून- नेताम
मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि आतंकियों ने न जाने कितनी बहनों की सिंदूर उजाड़े हैं. पूरे देश में इस घटना के बदले के लिए खून खौल रहा था. आज जब सेना ने जवाब दिया है तो देशवासियों को सुकून और ठंडकता का अनुभव हो रहा है.
उन्होंने कहा कि जवानों ने अपनी वीरता का परिचय दिया है. उन्हें प्रणाम है.
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि भारत बदला लेना जानता है. जिन बहनों का सिंदूर उजाड़ा गया, जिन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया. उनका बदला ले लिया गया है. भारत माता की जय. जय भारत की सेना.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि इंडियन आर्मी ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंक के खिलाफ मुंह तोड़ जवाब दिया है. पूरा देश भारत के वीर जवानों के साथ खड़ा है. जय हिंद. #आपरेशन_सिंदूर और #Operation Sindoor.
सेना का पूरा समर्थन- सिंहदेव
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी एक्स पर पोस्ट साझा कर भारतीय सेना के रुख का समर्थन किया. उन्होंने लिखा- भारत ने पाकिस्तान और POK से आने वाले आतंकवाद के खिलाफ अडिग और निर्णायक रुख अपनाया है. राष्ट्रीय हित से कोई समझौता नहीं किया जा सकता. पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के बाद से ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने स्पष्ट रूप से सरकार और हमारी सशस्त्र सेनाओं को हर आवश्यक और सख़्त कदम उठाने में पूरा समर्थन दिया है.
उन्होंने कहा है यह एकता और एकजुटता का समय है. हम अपने वीर जवानों की बहादुरी और दृढ़ संकल्प को नमन करते है और दोहराते हैं कि हमारे लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है.