रायगढ़ में मां-बेटी की हत्या
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घर घुसकर मां-बेटी की हत्या कर दी गई है. दोनों की लाश उनके घर के बरामदे में पड़ी हुई थी.
घटना पुसौर थाने से करीब 200 मीटर की दूरी पर हुई है. पुसौर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
फिलहाल घर को सील कर दिया गया है. घटना के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल है.
पुलिस के मुताबिक घटना पुसौर गांव की है. बीती रात को अज्ञात व्यक्ति ने घर घुसकर वारदात को अंजाम दिया है.
बताया गया कि मृतिका उर्मिला सौरा अपनी दो बेटी पूर्णिमा सौरा और कल्पना सौरा के साथ रहती थी.
लेकिन सोमवार की रात उनकी एक बेटी कल्पना सौरा एक डांस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अपने डांस ग्रुप के साथ बाहर गई हुई थी.
आज सुबह 6 बजे वह घर पहुंची तो मां उर्मिला और बहन पूर्णिमा की लाश घर के बरामदे में पड़ी हुई देखी. उसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
एसपी दिव्यांग पटेल समेत डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
फिलहाल पुलिस की टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है.