माओवादियों ने की कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में संदिग्ध माओवादियों ने रविवार देर रात एक कांग्रेस कार्यकर्ता की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है. यह घटना उसूर थाना क्षेत्र के लिंगापुर गांव की है.
पुलिस के मुताबिक मारूडबाका सोसायटी संचालक नागा भंडारी सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने लिंगापुर गए हुए थे. रविवार की देर रात वह वापस गांव लौट रहे थे. अनुमान है कि उसी दौरान रात करीबन 11.30 बजे कथित माओवादियों ने उन पर हमला किया होगा और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार से घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई होगी.
बताया गया कि नागा भंडारी पिछले कुछ साल से गांव छोड़कर बीजापुर में रह रहे थे. कल ही किसी काम से गांव आए थे. वहां से लुंगापुर गए थे.
सोमवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने देखा कि गांव से बाहर नागा भण्डारी की लाश पड़ी हुई है. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच-प्रड़ताल शुरू कर दी है.
फिलहाल पुलिस ने नागा भंडारी की हत्या माओवादियों द्वारा ही किए जाने की पुष्टि नहीं की है.
गौरतलब है कि इससे पहले 24 अक्टूबर 2024 को नागा भंडारी के बड़े भाई तिरुपति भंडारी की माओवादियों ने ग्राम उसूर के पास दिन दहाड़े हत्या कर दी थी.