रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

माओवादी अब अपनी सुरक्षा के लिए लगा रहे आईईडी

C

CG Khabar

09 अप्रै. 2025, 02:29 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

आईईडी
आईईडी

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ और तेलंगाना राज्य की सीमा पर स्थित कर्रेगट्टा की पहाड़ियों पर माओवादियों ने सैकड़ों आईईडी लगा रखा है. माओवादियों ने इसकी जानकारी पर्चा जारी कर ग्रामीणों को दी है.


पर्चे में माओवादियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे इस जंगल-पहाड़ी में शिकार या अन्य किसी भी काम से न आएं. यहां हमने अपनी सुरक्षा और फोर्स से बचने के लिए भारी मात्रा में आईईडी लगा रखी है. ऐसा करने पर एक बड़ा नुकसान होने के साथ ही ग्रामीणों को अपनी जान तक गंवानी पड़ सकती है. 

विज्ञापन


माओवादियों के वेंकटपुरम एरिया कमेटी के सचिव शांता के नाम से यह पर्चा जारी किया गया है. जिसे तेलगु भाषा में लिखा गया है.


पर्चा में यह भी लिखा गया है कि पुलिस और सुरक्षा बल ग्रामीणों को पहाड़ियों की ओर भेजकर माओवादियों की जासूसी करा रहे हैं. जिसके कारण कई बेकसूर ग्रामीण आईईडी की चपेट में आकर अपनी जान गंवा रहे हैं. हम चाहते हैं कि ग्रामीण इन पहाड़ियों की ओर न आएं. ताकि उनकी जान बची रहे और वह इन खतरनाक बमों के शिकार न बनें.


पर्चा में यह भी लिखा है कि सरकारें जमीदारों और पूंजीपतियों के हितों को पूरा करने के लिए किसानों की भूमि और वन भूमि को जब्त कर रही हैं. बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ सरकारें कई समझौता भी कर चुकी हैं.


माओवादी बस्तर के नारायणपुर जिले के आमदाई खदान जाने वाले मार्ग और पहाड़ी में भी सैकड़ों बम लगा रखे हैं. यहां भी आईईडी की चपेट में आने से कई ग्रामीण घायल हो चुके हैं. वहीं कुछ ग्रामीणों की जाने भी चली गई हैं.


माओवादियों ने पर्चा जारी कर इस बात का जिक्र भी किया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP