रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

शपथ लेते ही उपसरपंच पद के लिए गुणा भाग

छत्तीसगढ़ शपथ लेते ही उपसरपंच के लिए गुणा भाग

C

CG Khabar

03 मार्च 2025, 02:42 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

उपसरपंच के लिए गुणा भाग
उपसरपंच के लिए गुणा भाग

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद सोमवार को नवनिर्वाचित सरपंच और वार्ड पंचों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. 


पीठासीन अधिकारी द्वारा पहले सरपंच इसके बाद सभी वार्ड पंचों को एक साथ शपथ दिलाई गई.

विज्ञापन


इसी के साथ नवगठित पंचायती राज संस्थानों में प्रथम सम्मेलन का आयोजन भी हुआ. 


शपथ ग्रहण के बाद पीठासीन अधिकारी ने उप सरपंच चुनाव के लिए सभी पंचों को सूचित किया. 


उप सरपंच का चुनाव 8 मार्च को होगा. ग्राम पंचायतों में उप सरपंच के पद को लेकर गुणा भाग का दौर शुरू हो गया है.


इसी प्रकार जिला पंचायत और जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के लिए भी जोड़ तोड़ की रणनीति शुरू हो गई है. 


प्रशासन द्वार इसके भी चुनाव के लिए शेड्यूल जारी कर दिए गए हैं. 


जनपद व जिला पंचायत में पहले अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन होगा. 


जिसके बाद प्रथम सम्मेलन का आयोजन नवनिर्वाचित पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा.


पंच-सरपंच ने किया पदभार ग्रहण
पंचायती राज अधिनियम की धाराओं के तहत प्रशासन द्वारा पंचायतों के प्रथम सम्मेलन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है. 


उसके बाद जनपद व जिला पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा. 


सोमवार को प्रदेश भर के कुल 11 हजार 672 ग्राम पंचायतों में एक साथ शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया. 


शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित सरपंच और पंचों ने अपना पदभार ग्रहण किया. 


इसके बाद उपसरपंच के दावेदार पंचों द्वारा अन्य पंचों को अपने पाले में लाने गुणा भाग बैठा रहे हैं. 


साथ ही प्रलोभन और पार्टियों का दौर भी शुरू हो गया है. 


अज्ञातवास में हैं जनपद और जिला पंचायत सदस्य 
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रदेश में कुल 433 जिला पंचायत सदस्य और  2 हजार 973 जनपद पंचायत सदस्य भी चुन कर आए हैं. 


इन्हीं सदस्यों द्वारा अब जनपद और जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे.


हालांकि जनपद और जिला पंचायत चुनाव गैर राजनीतिक आधार पर हुआ है. 


लेकिन प्रमुख राजनीतिक दलों द्वारा अपने समर्थित उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई थी. 


अब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए सभी दल अपने-अपने जीते सदस्यों को एकजुट रखना चाहते हैं. 


दरअसल, अपने दल का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने जोड़ तोड़ शुरू हो गया है. इसमें कोई भी पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती. 


इसको देखते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनने के उम्मीदवार अपने समर्थित सदस्यों को अज्ञात स्थान पर ले कर चले गए हैं. 


कहा जा रहा है कि ये सभी चुनाव के दिन ही पहुंचेंगे. ये लोग कहां गए हैं इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP