रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

ईडी कार्यालय में मलकीत सिंह गैदू से कई घंटे पूछताछ

C

CG Khabar

27 फ़र. 2025, 08:03 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

छत्तीसगढ़ ईडी कार्यालय पहुंचे गैदू
छत्तीसगढ़ ईडी कार्यालय पहुंचे गैदू

रायपुर| संवाददाताः छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय के  कार्यालय पहुंचे. 


मलकीत सिंह गैदू सुकमा और कोंटा के कांग्रेस भवनों पर ईडी द्वारा मांगी गई जानकारी का जवाब देने पहुंचे हैं. 

विज्ञापन


उन्होंने 30 पन्नों का जवाब तैयार किया है. गैदू से ईडी दफ्तर में पिछले 7 घंटे से पूछताछ चल रही है. 


वहीं कांग्रेसी ईडी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं. कांग्रेसियों ने भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में ईडी की जांच की मांग की है. 


प्रदर्शन में कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष आकाश शर्मा समेत कई कार्यकर्ता शामिल हैं.


ईडी की टीम सुकमा और कोंटा में बने कांग्रेस भवन निर्माण के संबंध में जानकारी लेने के लिए ईडी की टीम मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंची थी. 


ईडी की टीम ने गैदू से बंद कमरे में पूछताछ की थी. उसके बाद उन्हें नोटिस देकर जवाब देने के लिए आज का समय दिया गया था. 


ईडी की टीम ने चार बिंदुओं में जवाब मांगा था. जिनमें फंडिंग, ठेकेदार और निर्माण कार्य की शुरुआत से जुड़े सवाल शामिल हैं.


ईडी कार्यालय पहुंचे प्रभारी महामंत्री गैदू ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि सुकमा और कोंटा के राजीव भवन के निर्माण का पाई-पाई का हिसाब ईडी को देंगे. 


30 पन्नों की जानकारी तैयार की है. चार बिंदुओं पर जवाब मांगा गया था हमने पूरी जानकारी तैयार कर ली है. 


उन्होंने कहा कि हमारे पास हर सवाल का जवाब है. हम जांच एजेंसी का पूरा सहयोग करेंगे.


छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के घर की तलाशी के दौरान ईडी को कुछ दस्तावेज मिले थे. 


इन दस्तावेजों में कांग्रेस भवन में पैसे देने का जिक्र था. ईडी ने इसी बात को आधार बताकर कांग्रेस के प्रभारी मंत्री से जानकारी मांगी है. 


मंगलवार को ईडी द्वारा नोटिस देने के बाद नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के बंगले पर कांग्रेस नेताओं की देर रात बैठक हुई थी. 


इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, वरिष्ठ वकील फैजल रिजवी, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर, शिव डहरिया, उमेश पटेल, धनेन्द्र साहू, विकास उपाध्याय और संगठन महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने हिस्सा लिया था.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP