टीकाकरण के बाद मासूम की मौत
छत्तीसगढ़ टीकाकरण के बाद मासूम की मौत
भानुप्रतापपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापुर में टीकाकरण के बाद तीन माह की एक मासूम बच्ची की मौत हो गई. परिजनों ने आरोप लगाया है कि नर्स ने लापरवाही बरतते हुए मासूम को टीके का डबल डोज लगा दिया. जिससे मासूम बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसकी जान चली गई.
पीड़ित परिजनों ने इसकी शिकायत थाने में की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
बताया गया कि जिले के नेहरू नगर निवासी लक्ष्मी चक्रवती अपनी तीन माह की बेटी को टीकाकरण के लिए नेहरू नगर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र लेकर गईं थी. मासूम बच्ची को तीन महीने में लगने वाला टीका लगना था. परिजनों का आरोप है कि आंगनबाड़ी में मौजूद नर्स ने तीन माह में लगने वाला टीका तो लगाया ही, इसके तुरंत बाद लापरवाही पूर्वक 9 माह में लगने वाला टीका भी मासूम को लगा दिया.
परिजनों के मुताबिक नर्स से पूछा गया कि दो टीका क्यों लगाया गया. इस पर नर्स ने टालमटोल करते हुए कुछ नहीं होता कह दिया. इसके बाद महिला घर चली गई. जहां कुछ देर में बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी.
परिजन तत्काल मासूम को लेकर भानुप्रतापपुर के शासकीय अस्पताल पहुंचे. जहां मासूम को सिरप दे कर घर भेज दिया गया.
घर पहुंचने पर बच्चे की हालत और बिगड़ने लगी. तब परिजन उसे धमतरी अस्पताल लेकर गए और वहां भर्ती कराया, जहां मासूम ने दम तोड़ दिया.
पीड़ित परिजनों ने इसकी शिकायत थाने में करने के बाद भानुप्रतापपुर एसडीएम कार्यालय पहुंच कर मामले की तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है. बताया जा रहा है कि मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है.