दुर्ग के बघेरा में सबसे अधिक तो अरमरी खुर्द में सबसे कम पैदावार
छत्तीसगढ़ दुर्ग के बघेरा में सबसे अधिक तो अरमरी खुर्द में सबसे कम पैदावार
दुर्ग | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में राजस्व विभाग ने खरीफ सीजन 2024-25 की अनावारी रिपोर्ट प्रस्तुत की है. जिसमें जिले के 28 गांवों में 100 फीसदी से अधिक पैदावार होने का दावा किया गया है.
यह जिले के औसत अनावारी से इस बार अधिक है. वहीं 11 गांवों को छोड़कर शेष में औसतन पैदावार 80 प्रतिशत से अधिक रही है. रिपोर्ट के अनुसार जिले के बघेरा ग्राम में सबसे अधिक 125 प्रतिशत पैदावारी हुई है. वहीं सबसे कम जंजगिरी व अरमरी खुर्द में रही.
इन दोनों गांवों में 63-63 फीसदी उत्पादन दर्ज किया गया है. कुल मिलाकर पिछले साल के मुकाबले इस साल खरीफ में धान की फसल अच्छी रही. कृषि विभाग द्वारा फसल कटाई प्रयोग के आधार पर हर सीजन में पैदावारी का अनुमान लगाने के लिए अनावारी रिपोर्ट तैयार की जाती है. जिसमें खेत में लगी खड़ी फसल का एक निश्चित क्षेत्र में कटाई की जाती है.
इसके बाद धान की मिसाई करके और वजन करके प्रति एकड़ धान पैदावार का अनुमान लगाया जाता है. इसी आधार पर इस बार भी रिपोर्ट तैयार की गई है.
430 ग्रामों में ली गई फसल
रिपोर्ट में बताया गया कि जिले में कुल 448 ग्राम हैं. इनमें से 430 ग्रामों में खरीफ सीजन में धान की फसल ली गई थी. वहीं शेष बचे 18 ग्राम फसल विहीन हैं. इन ग्रामों में इस सीजन में फसल ही नहीं ली गई.
कृषि विभाग द्वारा कृषि भूमि वाले खसरों से पूरे 430 ग्रामों में फसल कटाई प्रयोग कराया गया. इसके लिए नियमानुसार खड़ी फसल की कटाई कर पैदावार का औसत निकाला गया.
जिसमें जिले के 28 ग्रामों में इस बार शत प्रतिशत से अधिक अनावारी दर्ज की गई है. जिसमें बघेरा गांव में सबसे ज्यादा 125 प्रतिशत पैदावार रही.
वहीं 23 ग्रामों में 90 से 100 फीसदी पैदावार रही. वहीं 277 गांवों में 80 से 89 प्रतिशत उत्पादन रहा. इसके अलावा 91 ग्रामों में 70 से 79 प्रतिशत व 11 ग्रामों में 63 से 69 प्रतिशत पैदावार दर्ज की गई.
रिपोर्ट के मुताबिक जिले में पिछले साल के मुकाबले इस बार धान की फसल अच्छी रही. जबकि इससे पहले पिछले साल मात्र 15 गांवों में सौ प्रतिशत से अधिक थी.
इन गांवों में नहीं होती खेती
जिले के फसल विहीन ग्रामों में 11 ग्राम भिलाई स्टील प्लांट के अंतर्गत आते हैं. इनमें दुर्ग तहसील के खुर्सीपार, हिंगना, बोरिया, सोढ़, नेवई, मरौदा, कुटेलाभाठा, जोरातराई, नवागांव, बाबली व भिलाई-3 तहसील के पुरैना शामिल हैं.
इसी तरह दुर्ग तहसील के सात गांव ऐसे हैं जो शहरी क्षेत्र में आते हैं. जहां कृषि नहीं होती. इनमें तितुरडीह, हथखोज, छावनी, आमदी, कोसा, रुआबांधा व सुपेला शामिल है.