रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट

भारत-पाकिस्तान में तनाव के बीच छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट

H

Hupendra Sharma

10 मई 2025, 09:09 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट
छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट

रायपुर | संवाददाताः भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस ने हाई अलर्ट जारी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.


एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है. इसके साथ ही सरकार ने अति आवश्यक नहीं होने पर पुलिस विभाग की छुट्टी पर रोक लगा दी है. 

विज्ञापन


छत्तीसगढ़ पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम की तरफ से एक आदेश जारी किया गया है. जिसमें अधिकारियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है.


अधिकारी तभी मुख्यालय छोड़ सकेंगे जब शासकीय कार्य हो. जारी निर्देश में सभी ईकाई को तैयार रखने निर्देश दिया गया है.


इसके अलावा पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और गश्त बढ़ाने के आदेश दिए हैं.


विशेष रूप से संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर रखने कहा गया है. संदिग्ध और किसी भी असामान्य गतिविधियों की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को देने के लिए कहा गया है.


इसके साथ ही शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है.


रेलवे स्टेशनों में सुरक्षा सख्त

इधर राजधानी रायपुर और बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दिया गया है.


प्लेटफार्म के साथ ही ट्रेनों की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सीसीटीवी कैमरों से संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.


डॉग स्क्वायड की टीम भी रेलवे स्टेशन पर मौजूद है. सुरक्षा बलों द्वारा लगातार चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है.


यात्रियों के सामानों की जांच के साथ पूछताछ कर निगरानी भी कर रहे हैं. रेलवे स्टेशन में यात्रियों को लगातार माइक से तर्क रहने की चेतावनी दी जा रही है.


यात्रियों से अपील की जा रही है कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों का शक होने पर तुरंत रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा बलों को सूचना दें.


एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट जारी

इसी तरह रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है.


एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की विशेष टीमें तैनात की गई है.


ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एंटी ड्रोन यूनिट को भी एक्टिव कर दिया गया है.


एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से निर्धारित समय से तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने की अपील की है.


जांच की प्रक्रिया उड़ान से 75 मिनट पहले बंद कर दी जाएगी.


हाईकोर्ट ग्रीष्मकालीन अवकाश में बदलाव

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भी ग्रीष्मकालीन अवकाश को आगे बढ़ने का फैसला किया है.


हाईकोर्ट ने 12 मई से शुरू होने वाला अवकाश को अब 2 जून से शुरू करने का फैसला किया है.


यह निर्णय मुख्य न्यायाधीश के निर्देश पर लिया गया और इसे रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जारी अधिसूचना में सार्वजनिक किया गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP