केके रेल लाइन पर मालगाड़ी के डब्बे पटरी से उतरे
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से होकर गुजरने वाली किरंदुल-कोत्तावालसा रेल लाइन (केके लाइन) पर बुधवार को एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई. मालगाड़ी में लौह अयस्क भरा हुआ था.
मालगाड़ी टनल नंबर 5 को पार कर रही थी, उसी दौरान उसके 4-5 वैगन उतर गए. यह मालगाड़ी बैलाडीला से विशाखापट्टनम की ओर जा रही थी.
इस घटना की वजह से किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल मार्ग बाधित हो गया है. वहीं 28 और 29 मई को किरंदुल-विशाखापट्टनम ट्रेन को रद्द कर दिया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया.
रेलवे प्रशासन ने बताया कि जल्द ही ट्रैक की मरम्मत कर परिचालन बहाल करने की कोशिश की जा रही है.
हालांकि मार्ग बहाल करने में कितना वक्त लगेगा यह स्पष्ट नहीं है.
इस बीच यात्रियों को सूचित किया गया है कि वे यात्रा से पहले संबंधित स्टेशन से जानकारी प्राप्त करें. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.