छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार, जनता की शिकायतों का होगा निराकरण
छत्तीसगढ़ सुशासन तिहार की शुरूआत, लिए जाएंगे आवेदन
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने आज 8 अप्रैल से प्रदेश में सुशासन तिहार अभियान की शुरूआत की है. यह तिहार तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है.
पहले चरण में 8 से 11 अप्रैल तक आवेदन लिए जाएंगे. दूसरे चरण में लगभग एक माह आवेदनों का निराकरण किया जाएगा. तीसरा चरण समाधान शिविरों का होगा, जिसकी अवधि 5 से 31 मई निर्धारित की गई है. इस अभियान के लिए प्रदेश भर में विशेष प्रबंध किए गए हैं.
राज्य के सभी कलेक्टरों को पत्र लिखकर अभियान संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. सरकार का आदेश है कि अभियान में मिले आवेदनों को स्केन कर सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाए.
इसके बाद ही इन आवेदनों को निराकरण के लिए संबंधित विभागों को ऑनलाइन व भौतिक रूप से भेजा जाएगा. कहा जा रहा है कि संबंधित विभाग या अधिकारी इन आवेदनों में दर्ज शिकायतों और समस्याओं का निराकरण एक माह की अवधि में करेंगे.
बताया गया कि अभियान के तहत सबसे पहला काम आम जनता से उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्ति का होगा. 8 से 11 अप्रैल तक ग्राम पंचायत मुख्यालयों व स्थानीय निकायों के कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे.
साथ ही ऑनलाइन आवेदन पोर्टल एवं कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए भी प्राप्त किए जाएंगे.
जहां-जहां भी आवेदन लिए जाएंगे उन सभी स्थानों पर एक पेटी रखी जाएगी. इस पेटी का नाम 'समाधान पेटी' रखा गया है.
जिला तथा विकासखण्ड मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों में भी आवेदन प्राप्त करने के लिए 'समाधान पेटी' की व्यवस्था की जाएगी, ताकि जनता बेहिचक और बेझिझक अपने मन की बात लिखकर दे सके.