बलरामपुर में हाथी ने एक और युवक की ली जान
छत्तीसगढ़ बलरामपुर में हाथी ने एक और युवक की ली जान
बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में गुरुवार को एक और युवक की हाथी ने जान ले ली. युवक अपने खेत में लगी फसल में पानी देने गया था.
युवक के साथ दो और लोग थे, जिन्होंने बड़ी मुश्किल से भाग कर खुद की जान बचाई है. बलरामपुर जिले में पिछले चार दिनों में 4 लोगों की हाथी के हमले से मौत हुई है.
वन विभाग के मुताबिक गुरुवार की घटना सेमरसोत अभ्यारण के ग्राम पंचायत घाघरा की है.
गांव के दिनेश पोया तड़के सुबह 5 बजे अपने दो साथियों रामकरण गोंड़ और रोहित नागवंशी के साथ मक्के की फसल में पानी देने खेत गए थे.
दिनेश मक्के के खेत के अंदर घुसकर पानी को फैला रहा था. जबकि खेत के अंदर एक हाथी पहले से घुसा हुआ था. अंधेरा होने की वजह से वह हाथी को देख नहीं पाया.
अचानक हाथी के सामने आ जाने से वह घबरा गया. जब तक वह भाग पाता हाथी ने उसे उठाकर पटक दिया. उसके बाद पैरों से कुचल कर मार डाला.
हाथी ने उनके दोस्तों को भी दौड़ाया लेकिन वे भाग निकले. गांव पहुंचकर दोनों ने घटना की सूचना ग्रामीणों के साथ पुलिस को दी.
घटना की सूचना मिलते ही कोदौरा रेंजर, वनकर्मी और कोदौरा पुलिस मौके पर पहुंची.
बताया गया कि दिनेश पोया के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं. वह परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था. वन विभाग ने परिजनों को तत्कालीन सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए दी है.
चार दिनों में चौथी मौत
बलरामपुर जिले में पिछले चार दिनों में यह हाथी के हमले में चौथी मौत है. इससे पहले रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के ग्राम फुलवार में सोमवार को अस्मीना नाम की महिला पर हमला कर दिया था.
हाथी ने अस्मीना को जमीन पर पटक दिया था. उसके बाद उसके एक हाथ को उखाड़ दिया था.
गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था. वहीं उसका पति उस्मान अंसारी भी घायल हो गया था.
इस घटना के बाद वही हाथी फुलवार गांव से निकलकर रामपुर पहुंच गया था. मंगलवार की सुबह हाथी ने महुआ बिनने खेत जा रहे युवक को कुचल कर मार डाला था.
युवक अंबिकापुर कमिश्नर ऑफिस में चपरासी के पद पर पदस्थ था.
इसके बाद बुधवार को हाथी ने पहाड़ी कोरवा महिला गिद्दी कोरवा को मार डाला था. महिला अपने पति सुखू लाल कोरवा और ग्रामीणों के साथ जंगल महुआ बीनने गई थी.