गांव में घुसे हाथी ने ग्रामीण को मार डाला
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हाथी ने एक ग्रामीण को मार डाला.
सूरजपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बीती रात को दंतैल हाथी ने एक ग्रामीण को पटक-पटक कर मार डाला. ग्रामीण रात में लघुशंका के लिए घर से बाहर निकला था. अचानक उसके सामने हाथी आ गया और हमला कर दिया. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
इसके बाद हाथी रात भर गांव में ही घूमता रहा. जिसके चलते पूरी रात गांव के लोग दहशत में रहे. ग्रामीणों का कहना है कि इसी हाथी ने पिछले एक सप्ताह के अंदर पांच लोगों पर हमला कर उनकी जान ले ली है.
वन विभाग के मुताबिक ताज़ा घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम दरहोरा की है. बताया गया कि यह हाथी बलरामपुर जिले के भगवानपुर के जंगल से होते हुए प्रतापपुर वन परिक्षेत्र पहुंचा. इसके बाद रात करीब 12 बजे हाथी दरहोरा गांव में घुस गया. जहां ग्रामीण शिवनाथ राम से आमना-सामना हो गया. हाथी ने ग्रामीण को उठाकर पटक दिया. उसके बाद पैरों से कुचल दिया.
मृतक ग्रामीण की आवाज सुनकर उसके परिजन बाहर निकले लेकिन सामने हाथी को देखकर डर से अंदर चले गए. इस दौरान वे घर के अंदर ही दुबके रहे.
परिजनों ने ही इसकी सूचना हाथी मित्र दल के साथ ग्रामीणों को दी. कुछ देर में हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के साथ पूरी रात हाथी की निगरानी करते रहा.
आज सुबह हाथी मित्र दल द्वारा आसपास के गांवों में मुनादी कराकर हाथी की मौजूदगी की सूचना दे दी गई है.
एक सप्ताह में पांचवीं मौत
वन विभाग का कहना है कि यह दंतैल हाथी काफी आक्रामक है. एक सप्ताह के अंदर ही इस हाथी ने पांच लोगों की जान ले ली है. इससे पहले हाथी बलरामपुर जिले में विचरण कर रहा था. हाथी ने सबसे पहले रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के ग्राम फुलवार में सोमवार को अस्मीना नाम की महिला पर हमला कर दिया था.
हाथी ने अस्मीना को जमीन पर पटक कर उसके एक हाथ को उखाड़ दिया था. गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था. वहीं उसका पति उस्मान अंसारी भी घायल हो गया था. इस घटना के बाद हाथी फुलवार गांव से निकलकर रामपुर पहुंच गया था. जहां मंगलवार की सुबह हाथी ने महुआ बिनने खेत जा रहे युवक को कुचल कर मार डाला था. युवक अंबिकापुर कमिश्नर ऑफिस में चपरासी के पद पर पदस्थ था.
इस घटना के अगले दिन बुधवार को हाथी ने पहाड़ी कोरवा महिला गिद्दी कोरवा को मार डाला था. महिला अपने पति सुखू लाल कोरवा और ग्रामीणों के साथ जंगल महुआ बीनने गई थी.
इसके बाद 3 अप्रैल को हाथी ने ग्राम घाघरा में किसान दिनेश पोया को मार डाला था. किसान अपने खेत में लगी फसल में पानी देने गया था. युवक के साथ दो और लोग थे, जिन्होंने बड़ी मुश्किल से भाग कर खुद की जान बचाई थी.