कांकेर में कोरोना पीड़ित की मौत
कांकेर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में इलाज के दौरान कोरोना पीड़ित एक मरीज की मौत हो गई. इसी के साथ छत्तीसगढ़ में यह कोरोना से तीसरी मौत है. जबकि कांकेर जिले में साल 2025 में कोरोना से मौत की यह पहली घटना है.
हालांकि यह मरीज कांकेर जिले का निवासी नहीं था. उपचार के लिए उसे यहां लाया गया था.
इससे पहले राजनांदगांव जिले में कोरोना पीड़ित दो मरीजों की मौत हो चुकी है.
मिली जानकारी के अनुसार कोंडागांव जिले के फरसगांव निवासी 48 वर्षीय एक मरीज को पिछले सप्ताह तबीयत खराब होने पर कांकेर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
मरीज को लीवर से संबंधित गंभीर बीमारी थी. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए 5 जुलाई को रायपुर रेफर किया गया.
परिजन रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां जांच के दौरान वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया.
इसके बाद परिजन 7 जुलाई को मरीज को वापस कांकेर अस्पताल ले आए.
अस्पताल में कोविड वार्ड नहीं होने के कारण उसे महिला वार्ड यूनिट-2 के वार्ड नंबर 6 में भर्ती किया गया. जहां सोमवार देर रात को मरीज ने दम तोड़ दिया.
मृतक का फरसगांव में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अंतिम संस्कार किया गया. साथ ही मृतक के संपर्क में आए परिजनों के भी जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं. .
.
इस मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की भी पोल खुल गई है. कांकेर में कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कोई भी तैयारी अब तक नहीं की है.
मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमितों के लिए अलग से एक भी वार्ड नहीं बनाया गया है.
हालांकि आनन फानन में कोरोना संक्रमित मरीज को अस्पताल के पुराने कैदी वार्ड में भर्ती किया गया था.