रायपुर में मिला कोरोना का मरीज
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कोरोना संक्रमित एक मरीज मिला है. मरीज का रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है.
बताया गया कि कोरोना पीड़ित मरीज शुक्रवार को सर्दी-खांसी की शिकायत पर जांच कराने अस्पताल पहुंचा था.
डॉक्टर को शक होने पर उसका कोरोना टेस्ट कराया गया. रिपोर्ट पॉज़िटिव आने के बाद तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.
युवक को आइसोलेटेड वार्ड में रखकर कोरोना प्रोटोकॉल के तहत उपचार शुरू कर दिया गया है.
मामले की पुष्टि हॉस्पिटल प्रबंधन और राज्य नोडल अधिकारी डॉ. खेमराज सोनवानी ने की है.
बताया गया कि कोरोना पीड़ित युवक राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका क्षेत्र के लक्ष्मीनगर का रहने वाला है.
अभी तक उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री सामने नहीं आई है.
हालांकि मरीज में कोरोना वायरस का नया वैरिएंट JN.1 है या नहीं इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. देर शाम अगली जांच रिपोर्ट में इसकी जानकारी मिलेगी.
बताया गया कि युवक की हालत अभी ठीक है. उसे अगले 24 घंटे तक विशेष निगरानी में रखा गया है.
इस नए मामले के सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है.
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.
स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के परिजनों का भी सैंपल लिया है. साथ ही हाल के दिनों में मरीज के संपर्क में आए लोगों को अलर्ट किया गया है.