रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

मनरेगा मजदूरी में कटौती, कांग्रेस ने घेरा दुर्ग कलेक्टोरेट

H

Hupendra Sharma

16 मई 2025, 12:14 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

मनरेगा मजदूरी
मनरेगा मजदूरी

दुर्ग | संवाददाताः मनरेगा मजदूरी में लगातार हो रही कटौती के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को दुर्ग कलेक्टोरेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.


प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी. कांग्रेसी इसे तोड़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे. जिसे रोकने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झुमाझटकी के साथ धक्का मुक्की हुई.

विज्ञापन


प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है. 


तहसीलदार हितेश पिस्ता ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के द्वारा मनरेगा मजदूरों की संख्या में कटौती के खिलाफ प्रदर्शन करने के बाद ज्ञापन सौंपा गया है.


कांग्रेस के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की आगामी सोमवार को जिला पंचायत के सीईओ के साथ बैठक है. बैठक में बातचीत कर समस्या का समाधान निकाला जाएगा.


प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा मनरेगा के मजदूरों के कार्य दिवस में कटौती की जा रही है. कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मनरेगा के तहत 42 लाख मानव दिवस सृजित किए गए थे, जो भाजपा सरकार के आने के बाद 2024-25 में घटकर 32 लाख हो गए. अब 2025-26 में केवल 18 लाख मानव दिवस निर्धारित किए गए हैं.


उन्होंने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे ग्रामीण मजदूरों की आजीविका प्रभावित होगी. जिले में लगभग डेढ़ लाख मनरेगा मजदूर हैं. लेकिन दस हजार मजदूरों को ही काम मिल रहा है.


पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार मनरेगा मजदूरों के साथ अन्याय कर रही है. मनरेगा मजदूरों की संख्या में कटौती कर राज्य के लोगों को बेरोजगार बना रही है. जिसके चलते मजदूर रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP