रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौतम की संपत्ति होगी नीलाम

C

CG Khabar

28 फ़र. 2025, 11:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

कांग्रेस जिलाध्यक्ष संपत्ति होगी नीलाम
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संपत्ति होगी नीलाम

दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और ठेकेदार अवधेश सिंह गौतम पर किरंदुल थाना में एफआईआर दर्ज की गई है. 


अवधेश गौतम पर सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप है. प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभाग ने उनपर एफआईआर दर्ज करवाई है. 

विज्ञापन


एफआईआर दर्ज होने के बाद से वह फरार है. अब प्रशासन ने उनकी सम्पत्ति को जब्त कर नीलामी की तारीख तय कर दी है.


बताया जा रहा है कि दंतेवाड़ा पुलिस को अवधेश का लोकेशन पीसीसी चीफ दीपक बैज के रायपुर स्थित बंगले के पास मिला है. जिसके चलते दंतेवाड़ा पुलिस रायपुर पहुंची है. 


बैज के बंगले के पास कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पुलिस के कुछ कर्मचारी और अधिकारियों को रेकी करते हुए पकड़ा है. 


इस मामले को लेकर शुक्रवार को विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ.


पिछले विधानसभा सत्र में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने दंतेवाड़ा जिले में जिला खनिज न्यास निधि (जीएमएफ) मद से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभाग द्वारा बनाई गई सड़क में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था. 


इसके बाद डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभाग दंतेवाड़ा के पांच अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया था.


दरअसल, यह मामला दंतेवाड़ा जिले के धुर नक्सल प्रभावित मड़कामीरास से हिरोली तक सड़क निर्माण की स्वीकृति से जुड़ा है. 


इस सड़क निर्माण को दो भागों में बांटा गया था और इसके लिए 1 करोड़ 96 लाख और 1 करोड़ 99 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी. 


इस दौरान तत्कालीन कलेक्टर विनीत नंदनवार की अध्यक्षता में इस सड़क को दो भागों में विभाजित किया गया था. 


सड़क निर्माण के टेंडर प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठे थे.


आरोप है कि ठेकेदार अवधेश गौतम ने अधिकारियों से मिलीभगत कर टेंडर हासिल किया था. 10 प्रतिशत अधिक दर पर इसका वर्क ऑर्डर लिया था. 


सड़क की टेंडर प्रक्रिया भी सवालों में रही.


संपत्ति कुर्की का आदेश
दंतेवाड़ा जिला प्रशासन ने अवधेश गौतम की संपत्ति पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुआकोडा तहसील कार्यालय से संपत्ति कुर्की का आदेश जारी किया है. 


यह आदेश हिरोली से डोक्कापारा तक सड़क निर्माण के मामले में लंबित भू राजस्व बकाया की वसूली के संबंध में आया है.


जिसमें गौतम से कुल 2,01,06,117 की राशि वसूली जानी है. 


अगर तय तारीख से पहले राशि जमा नहीं करते, तो संपत्ति 4 मार्च 2025 को सुबह 11 बजे तहसील कार्यालय, कुआकोंडा में लोक नीलामी के माध्यम से बेची जाएगी.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP