कॉलेज छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर की खुदकुशी
कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक कॉलेज छात्रा ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी. छात्रा का शव ट्रैक पर क्षत विक्षत हालत में मिला है.
पुलिस के मुताबिक घटना उरगा थाना क्षेत्र के पहंदा समपार फाटक से 500 मीटर दूर की है. बताया गया कि पहंदा निवासी छात्रा श्वेता रात्रे कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी. पढ़ाई में भी वह काफी तेज थी.
शुक्रवार रात को उसने परिवार के लिए खाना बनाया और खिलाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी. शनिवार की सुबह रायपुर-कोरबी मेमू लोकल ट्रेन के सामने कूदकर छात्रा ने खुदकुशी कर ली.वह घर से कब निकली इसकी जानकारी किसी को नहीं है.
घटना के कुछ देर बाद ही पहंदा गांव के कुछ लोग वहां से गुजर रहे थे. ग्रामीणों की नजर ट्रैक पर पड़ी तो दुर्घटना की आशंका से करीब पहुंचे.
पास पहुंचे ही ग्रामीण मृत पड़ी छात्रा को पहचान गए. तत्काल इसकी सूचना उसके घर वालों व स्टेशन मास्टर को दी.
इसके बाद रेलवे आरपीएफ और उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
परिवार को नहीं पता कि श्वेता ने यह कदम क्यों उठाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.