रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटा, 42 लोगों की मौत

H

Hupendra Sharma

14 अग. 2025, 11:06 AM 4 मिनट में पढ़ें 1

बादल फटा
बादल फटा

नई दिल्ली | डेस्कः जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के पड्डर सब-डिवीजन के चशोटी गांव में गुरुवार दोपहर को बादल फटने से भारी तबाही मच गई है. कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और कई लोगों की जान चली गई है.


अब तक दो सीआईएसएफ जवानों सहित 42 लोगों की मौत हो गई है. जबकि अभी भी सैकड़ों लोग लापता हैं. वहीं 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. घायलों में से करीब 70-80 लोगों का पाडर के उप-जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.

विज्ञापन


सेना के साथ रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच कर बचाव और राहत अभियान शुरू कर दी है. 65 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है. 


बादल फटने की यह घटना मचैल माता की तीर्थ यात्रा के मार्ग पर हुई है. हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए चशोटी पहुंचे थे. घटना के समय वहां लंगर चल रहा था.


बादल फटते ही वहां पर पानी के साथ मलबा काफी तेजी के साथ आया, जिसकी चपेट में वहां मौजूद लोग आ गए. श्रद्धालुओं की बसें, टेंट, लंगर और कई दुकानें बाढ़ के पानी में बह गए.


प्रशासन का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. सेना के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें बचाव और रेस्क्यू के काम में जुटी हैं.


इलाके की दुर्गम भूगोल और खराब मौसम के चलते राहत कार्यों में बाधा आ रही है. प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं.

मचैल माता की यात्रा के लिए पहुंचे थे श्रद्धालु

मचैल माता तीर्थयात्रा हर साल अगस्त में होती है. इसमें हजारों श्रद्धालु आते हैं. यह 25 जुलाई से 5 सितंबर तक चलेगी.


यह मार्ग जम्मू से किश्तवाड़ तक 210 किमी लंबा है और इसमें पद्दर से चशोटी तक 19.5 किमी की सड़क पर गाड़ियां जा सकती हैं.


उसके बाद मचैल तक 8.5 किमी की पैदल यात्रा होती है.


जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने घटना पर चिंता जताई है. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की. साथ ही सिविल, पुलिस, सेना, NDRF और SDRF अधिकारियों को बचाव और राहत अभियान को और तेज़ करने और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.

पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने और बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं. स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है. बचाव और राहत कार्य जारी हैं. ज़रूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी.


अमित शाह ने सीएम उमर अब्दुल्ला को किया फोन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किश्तवाड़ आपदा को लेकर जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल से फोन पर बातचीत की. रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली. शाह ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.


उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है. एनडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर भेज दी गई हैं. हम स्थिति पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं और हर परिस्थिति में जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं. जरूरतमंदों को हर संभव मदद दी जाएगी.


नुकसान का किया जा रहा आंकलन- जितेन्द्र सिंह

केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने X पर लिखा है "जम्मू-कश्मीर के नेता प्रतिपक्ष और स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा से संदेश मिलने के बाद किश्तवाड़ के डिप्टी कमिश्नर पंकज कुमार शर्मा से बात की. चोसिटी इलाके में बादल फटा है, जिससे बड़ी संख्या में जनहानि हो सकती है. प्रशासन तुरंत कार्रवाई में जुट गया है. रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है. नुकसान का आंकलन किया जा रहा है. जरूरी बचाव एवं मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है. मेरे कार्यालय को नियमित अपडेट मिल रहे हैं, हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी."


स्वतंत्रता दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द 

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने किश्तवाड़ में बादल फटने के बाद हुई जनहानि के बाद शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान होने वाली ऐट होम चाय पार्टी और सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. 


वहीं कांग्रेस ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया. पार्टी ने कहा कि वहां राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इस त्रासदी में कई लोगों की मौत से वह अत्यंत दुखी हैं.



यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP