रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सुशासन तिहारः ग्रामीणों के बीच मुख्यमंत्री ने लगाई चौपाल

H

Hupendra Sharma

05 मई 2025, 09:46 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

सुशासन तिहार
सुशासन तिहार

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार का तीसरा और आखिरी चरण आज यानी 5 मई से शुरू हो गया है, जो 31 मई तक चलेगा. इसी तारतम्य में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज आकस्मिक दौरे पर निकले हैं. सीएम का हेलीकॉप्टर सक्ती जिले के ग्राम करिगांव पहुंचा.


जहां उन्होंने पीपल के पेड़ के नीचे खाट पर बैठ चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया. सीएम साय ने लोगों की समस्याओं को सुना. ग्रामीणों ने भी मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखी.

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने यहां पीएम आवास योजना सहित सरकार की अन्य योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली. इस दौरान सीएम ने एक हितग्राही के घर में जाकर पीएम आवास का निरीक्षण किया.


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार के तीसरे चरण में पूरी सरकार गांवों का दौरा कर रही है. मेरे साथ मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारी आप के गांव पहुंचे हैं. हम गांव-गांव जाकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंच रहा है कि नहीं.


मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषक उन्नति योजना, पीडीएस और आयुष्मान भारत योजना जैसे कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जानकारी ली.


उन्होंने कहा कि सुशासन का मूल आधार जनसुनवाई और जनसरोकार से जुड़ाव है और आज की यह चौपाल उसी दिशा में एक कदम है.


उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी की स्थिति में ग्रामीणों को आर्थिक संकट से बचाने के लिए 5 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा आयुष्मान कार्ड से दी जा रही है.


इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी सोनाई बाई के घर पहुंचकर निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण किया.


साथ ही गांव में तालाब के किनारे की जमीन को लेकर आई शिकायत पर तत्काल कलेक्टर को नापजोख करने और समाधान निकालने के निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से कई आवेदन भी प्राप्त किए.


ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने करिगांव में नया पंचायत भवन बनाने, सप्ताह में एक दिन गांव में पटवारी कार्यालय का संचालन करने और गांव में स्थित नोनी मईया देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण करने की घोषणा की. 


इसके बाद सीएम का होलीकॉप्टर कोरबा जिले के मदनपुर में उतरा. यहां भी सीएम ने चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी. हैलीपैड पर सीएम का स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भव्य स्वागत किया.


दरअसल, छत्तीसगढ़ सरकार ने तीन चरणों में सुशासन तिहार का आयोजन किया है. पहले चरण में 8 से 11 अप्रैल तक आवेदन लिए गए.


दूसरे चरण में आवेदनों का निराकरण किया गया. तीसरे चरण में 5 से 31 मई तक समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे. जिसमें सांसद, विधायक और मंत्री जनता के बीच जाकर सुझाव लेंगे.


ज्ञात हो कि सुशासन तिहार में अब तक 33 जिलों से 40 लाख समस्याएं आई हैं

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP