एक रात की बारिश में छत्तीसगढ़ पानी-पानी
रायपुर | सवाददाताः छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से झमाझम बारिश हो रही है. शुक्रवार की रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते शहर से लेकर गांव तक सभी जगहों पर पानी ही पानी नजर आ रहा है.
इससे प्रदेश के कुछ जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. वहीं निचली बस्तियों में पानी भर जाने से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
मौसम विभाग का कहना है कि तटीय पश्चिम बंगाल पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके असर से आज यानी शनिवार को भी भारी बारिश होने के आसार हैं.
राजधानी रायपुर में बीती रात को रातभर बारिश होने से कई इलाकों में घरों तक पानी भर गया है.
खासकर प्रोफेसर कॉलोनी की सड़कें तो तालाब में तब्दील हो गईं. इससे नाराज लोगों ने शनिवार की सुबह कुछ देर के लिए कुशालपुर-भाठागांव के बीच नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया था.
यही हाल वीआईपी रोड का भी है. सड़क पर पानी भर जाने से वीआईपी रोड पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है.
एयरपोर्ट से आने वाली सभी गाड़ियों को रास्ता बदलकर आना पड़ रहा है.
नदी-नाले उफान पर
इसी तरह कोरबा, बलरामपुर, कसडोल और जांजगीर-चांपा में मूसलाधार बारिश होने से नदी नाले उफान पर हैं.
बिलासपुर और जांजगीर के बीच कुटिघाट में लीलागर नदी पर पुल से करीब 2 फीट ऊपर पानी चल रहा है.
वहीं जांजगीर-चांपा के बीच घूंडी नाला उफान पर होने से आवागमन बंद हो गया है. शिवरीनारायण में महानदी और आसपास के नालों का जल स्तर बढ़ता जा रहा है.
बलरामपुर जिले में लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं. कन्हर नदी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए निचले इलाके को लोगों को घर खाली करने कहा गया है.
ब्लॉक के सभी स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं. राजनांदगांव, डोंगरगढ़, खैरागढ़ में भी तेज बारिश होने से घरों में पानी घुस गया है.
आज भी बारिश की चेतावनी
इस बीच मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश भर में बारिश होने की चेतावनी जारी की है. इस दौरान कुछ एक स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने राजनांदगांव, मुंगेली और कबीरधाम जिले में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है.
वहीं कोरिया, बेमेतरा, दुर्ग सहित 8 जिलों में ऑरेंज और 22 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है.
इसके बाद कल यानी 27 जुलाई के बाद बारिश में कमी आएगी. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 38.7 एमएम औसत बारिश हुई है.