नाले में गिरी कार, भाजपा नेता सहित दो की मौत
गरियाबंद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई. इस हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.
कार सवार सभी लोग रविवार देर रात को बिलाईगढ़ भटगांव से भूतेश्वरनाथ मंदिर जा रहे थे. इसी दौरान कार चालाक को झपकी आने के कारण कार फिंगेश्वर सरगी नाला पर हादसे का शिकार हो गई.
पुलिस के मुताबिक घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र की है. रविवार रात को एक कार में सवार होकर बिलाईगढ़ से 5 लोग गरियाबंद के भूतेश्वरनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे.
इसी दौरान रात करीब 2 बजे कार चला रहे पंकज दास मानिकपुरी को झपकी आ गई. जिस कारण कार एक पत्थर से टकराकर सीधे नाले में गिर गई.
कार नाले में गिरकर पलट गई. जिससे कार के सभी दरवाजे लॉक हो गए. जिस वजह से सभी लोग अंदर ही फंस गए.
घायल हालत में निकलने की कोशिश की पर निकल ही नहीं पाए. मदद के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन रात होने की वजह से कोई नहीं आया.
सुबह करीब 5-6 बजे कुछ लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा. पास जाकर देखा तो अंदर कुछ लोग फंसे हुए थे.
उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला. तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी.
पुलिस घायलों को फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर कर दिया.
मृतकों की पहचान भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पंकज दास मानिकपुर और लोकेश साहू के रूप में हुई है. दोनों बिलाईगढ़ के भटगांव निवासी हैं.
जबकि घायलों की पहचान राजेश कुमार आदित्य, ननकी साहू और दयाराम यादव घायल के रूप में हुई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बताया गया कि यह मार्ग काफी सकरा है और पुल में रेलिंग भी नहीं लगी है. जिस वजह से यहां आए दिन हादसे होते हैं. इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई सुध नहीं ली जा रही है.