कार पुल से गिरी, महाकुंभ जा रहे दो श्रद्धालुओं की मौत
छत्तीसगढ़ में कार पुल से गिरी, महाकुंभ जा रहे दो श्रद्धालुओं की मौत
कोण्डागांव | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में शनिवार की सुबह एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई.
इस हादसे में चार लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है. उन्हें फरसगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसे के शिकार सभी लोग एक ही परिवार के हैं. सभी लोग कार से प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे थे.
घटना फरसगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाइवे-30 में भैरव मंदिर के पास हुई.
फरसगांव पुलिस ने बताया कि बेंगलुरु से एक ही परिवार के 6 सदस्य कार में सवार होकर प्रयागराज जा रहे थे.
वाहन में तीन महिला, दो पुरुष और एक किशोर सवार था.
प्रयागराज जाने के दौरान नेशनल हाइवे-30 में बोरगांव और फरसगांव के बीच इनका वाहन अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा.
क्षतिग्रस्त वाहन को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि काफी तेज रफ्तार थी.
इस हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अन्य दो महिला, एक किशोर सहित वाहन चालक घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. सभी घायलों को एम्बुलेंस से तत्काल फरसगांव अस्पताल लाया गया.
डॉक्टर के मुताबिक घायलों में तीन की स्थिति गंभीर है.
प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है.
दोनों मृतक गीता शेखर (49 वर्ष) और संतोष रेड्डी (45 वर्ष) के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.
वहीं घायलों के नाम एस सुषमा (38), विशाल रेड्डी (10), एस शोभा (39) और ड्राइवर रवि तेजा (35) है.
फिलहाल बेंगलुरु में परिवार वालों को हादसे की सूचना दे दी गई है.