रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सब इंजीनियर को चौपाल में बुलाकर सीएम ने लगाई फटकार

H

Hupendra Sharma

19 मई 2025, 12:23 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

सब इंजीनियर को फटकार
सब इंजीनियर को फटकार

मरवाही | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुशासन तिहार के तहत सोमवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के चुकतीपानी नेवसा गांव पहुंचे. उन्होंने यहां स्कूल परिसर में महुआ पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से चर्चा की.


 इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में पेयजल की समस्या बताई. गांव के 27 हैंडपंप खराब होने की जानकारी मिलते ही सीएम ने पीएचई विभाग के सब इंजीनियर को चौपाल में बुलाकर फटकार लगाई.

विज्ञापन


सीएम ने इंजीनियर से दो टूक कहा- या तो काम करो, या निलंबित होने के लिए तैयार रहो. यह प्रधानमंत्री की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है. इसे मजाक ना समझें. इसके बाद इंजीनियर को वहां से जाने के लिए कहकर भगा दिया.


मुख्यमंत्री का यह रूप देखकर ग्रामीणों ने जमकर ताली बजाई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित की योजनाओं में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.


महिलाओं ने वर्मी कम्पोस्ट से उगाई गई लाल भाजी भी मुख्यमंत्री को भेंट की. इस दौरान सीएम ने ग्रामीणों की मांग पर मिडिल स्कूल भवन के मरम्मत की घोषणा की. साथ ही स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की. 


आमागोहन को कॉलेज की सौगात

इसके बाद मुख्यमंत्री बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड के आमागोहन गांव पहुंचे. यहां समाधान शिविर में सीएम साय ने हितग्राहियों से एक-एक कर चर्चा की.


सीएम ने यहां कॉलेज शुरू करने और 32 केवी का विद्युत सब स्टेशन खोलने की घोषणा की. यहां मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन किया. 


उन्होंने सुशासन तिहार की सार्थकता को बताते हुए कहा कि आज सुशासन तिहार के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सरकार आपके गाँव में आई है. हमने बीते डेढ़ वर्षों में राज्य के लोगों के हित में कार्य किया है. जो सरकार अच्छा काम करती है उनकी ही हिम्मत होती है जनता के बीच जाने की.


उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार एक तरह से हमारा रिपोर्ट कार्ड भी है और हमारी सरकार के द्वारा किए गए कार्यों का आंकलन करने का अवसर भी. इसके माध्यम से सरकार योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन की स्थिति भी जान रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP