दो साल से भिलाई में रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार
भिलाई | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पिछले 2 साल से रह रही एक बांग्लादेशी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. महिला यहां नाम बदल कर रह रही थी.
बांग्लादेशी इस महिला का असली नाम पन्ना बीवी है और वह भारत में अंजली उर्फ काकोली घोष के नाम से पिछले 8 साल से रह रही थी. महिला ने यहां फर्जी आधार कार्ड भी बनवा लिया था.
एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि बांग्लादेशी महिला को भिलाई के सुपेला से गिरफ्तार किया गया है. यह महिला 5 साल पश्चिम बंगाल में और 1 साल दिल्ली में रहकर काम की तलाश में भिलाई पहुंची थी.
महिला ने सुपेला नेहरू नगर रोड पर सूरज साव के यहां किराए पर मकान ले रखा था.
उन्होंने बताया कि इस बीच महिला इमो एप के जरिये बांग्लादेश में अपने परिवार से बात करती थी और इन सालों में 3 से 4 बार वह बांग्लादेश भी जा चुकी थी.
पुलिस ने उसे किराए से देने वाले मकान मालिक सूरज साव को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पुलिस ने पन्ना बीबी उर्फ काकोली घोष को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि अवैध पासपोर्ट और वीजा तैयार कर 8 साल पहले बांग्लादेश से उत्तर प्रदेश के बनगांव पेट्रापोल जिला और पश्चिम बंगाल स्थित बांग्लादेश अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर को पार कर अवैध रूप से भारत पहुंची थी.
एसएसपी ने बताया कि महिला किस तरह बांग्लादेश से भारत पहुंची, उसमें किन लोगों का इन्वॉल्वमेंट है, उसका फर्जी आधार कार्ड किसने बनाया, इन सबकी पुलिस जांच करेगी.