चैतन्य और लखमा से मिलने जेल पहुंचे बैज
रायपुर | संवाददाताः पीसीसी चीफ दीपक बैज ने रायपुर जेल पहुंचकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल और पूर्व मंत्री कवासी लखमा से मुलाकात की. बैज के साथ पांच लोगों का प्रतिनिधिमंडल शामिल था.
जेल से बाहर निकलकर मीडिया से चर्चा करते हुए दीपक बैज ने कहा कि दोनों से कई मुद्दों पर चर्चा हुई. दोनों ने कहा है कि वे मजबूती से कानूनी लड़ाई लड़ेंगे. हमें कानून पर पूरा भरोसा है और न्याय जरूर मिलेगा.
पीसीसी चीफ ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा षडयंत्र के तहत कांग्रेस के नेताओं को जेल में बंद कर रही है. भाजपा के खिलाफ बोलने वालों पर ईडी के छापे पड़ रहे हैं. विरोधियों की आवाज दबाने के लिए सरकार ऐसी हथकंडे अपना रही है. तेज तर्रार आदिवासी नेता की आवाज को दबाने के लिए उसे जेल में बंद कराया गया है.
उन्होंने कहा कवासी लखमा बीमार हैं. उन्हें इलाज की जरूरत है. जेल में उनका बेहतर उपचार नहीं हो पा रहा है.उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें बाहर भेजना नहीं चाहती, जबकि उनके खिलाफ अभी तक दोष सिद्ध नहीं हुआ है. ना ही उन्हें फांसी जैसी सजा दी गई है. अगर उन्हें बाहर इलाज के लिए ले जाया जाएगा तो कोई खतरा नहीं होगा.
उन्होंने कहा कि जेल में आए दिन मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं. पर्याप्त सुरक्षा होने के बाद भी ऐसी घटनाएं होना सरकार की कमजोरी को दर्शाता है. 24 घंटे सुरक्षा घेरे में होने के बाद भी घटनाएं हो रही हैं.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठाते रही है. आगे भी इस मुद्दे को उठाएंगे. लेकिन जेल परिसर में सबसे ज्यादा सुरक्षा होती है.