रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

भाजपा उठवा रही उनके नेताओं को- कांग्रेस

छत्तीसगढ़ में भाजपा उठवा रही उनके नेताओं को- कांग्रेस

C

CG Khabar

24 फ़र. 2025, 10:02 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

छत्तीसगढ़ में नेताओं को उठाने का आरोप
छत्तीसगढ़ में नेताओं को उठाने का आरोप

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का तीसरा और अंतिम चरण खत्म होते ही कांग्रेस ने भाजपा पर चुनाव में जीत दर्ज करने वाले अपने नेताओं को उठाने का आरोप लगाया है. 


दूसरी ओर भाजपा ने पूरे प्रदेश में भाजपा की जीत का दावा किया है. 

विज्ञापन


भाजपा ने तीसरे चरण में 147 सीटों में से 103 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार जीत कर आने की बात कही है. 


प्रदेश कांग्रेस के संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद ने कहा है कि पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में कांग्रेस को बहुमत मिला है. 


जिस प्रकार से कांग्रेस के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की उससे हमें उम्मीद है कि 23 जिलों में कांग्रेस के जिला पंचायत अध्यक्ष बनेंगे. 


भाजपा झूठा प्रचार-प्रसार कर रही है कि उनके उम्मीदवार अध्यक्ष बनेंगे. लेकिन हकीकत कुछ अलग है. 


उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा हमारे निर्वाचित उम्मीदवारों को उठवा रही है. 


भाजपा जनपद और जिला पंचायत में अपना अध्यक्ष-उपाध्यक्ष बनाने के लिए यह चाल चल रही है. 


भाजपा को डर है कि जनपद और जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का पद उनके हाथ से न निकल जाए. 


उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्वाचित सदस्यों को उठाने की जिम्मेदारी दी है. 


उन्होंने आगे कहा कि भाजपा अलोकतांत्रिक कदम उठाने जा रही है. 


भाजपा का 103 जीतने का दवा
इधर पंचायत चुनावों के संयोजक सौरभ सिंह का दावा है कि पूरे पंचायत चुनाव में भाजपा को बहुमत मिला है.


हर जिले में हमारे ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष जिला पंचायतों में होंगे.


उन्होंने बताया कि पहले और दूसरे चरण की तरह ही तीसरे चरण में भी भाजपा प्रत्याशियों ने शानदार जीत दर्ज कर बहुमत प्राप्त की है. 


तीसरे चरण में 147  सीटों में वोटिंग हुई, जिसमें 143 सीटों की जानकारी भाजपा के पास आई है. 


इसमें 103 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के मनोनीत उम्मीदवार जिला पंचायत सदस्य चुनकर आए हैं. 


उप-सरपंच से लेकर अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की चर्चा
रविवार को पंचायत चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में 77 फीसदी से ज्यादा मतदाताओं ने मतदान किया. 


कई मतदान केन्द्रों में तो देर रात तक लंबी कतारें लगी रहीं. 


तीसरे चरण में 30 हजार 990 पंच, 3 हजार 802 सरपंच, 1 हजार 122 जनपद सदस्य और 147 जिला पंचायत सदस्य के पदों के लिए मतदान किया.


पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों के निर्वाचन के बाद अब उप-सरपंच, जनपद और जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव होना है. 


इसके लिए जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है. वहीं चर्चाओं का बाजार भी गर्म है.


पूरे राज्य में तीन चरणों में जिला पंचायत सदस्य के 433, जनपद पंचायत सदस्य के 2 हजार 973, ग्राम पंचायत सरपंच के 11 हजार 671 और वार्ड पंच के 1 लाख 60 हजार 161 सहित कुल 1 लाख 75 हजार 258 पदों के लिए वोटिंग हो चुकी है.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP