रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रामगढ़ पहाड़ी से खाई में गिरी बच्ची, युवाओं ने बचाया

रामगढ़ पहाड़ी से खाई में गिरी बच्ची

H

Hupendra Sharma

12 मई 2025, 12:34 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

खाई में गिरी बच्ची
खाई में गिरी बच्ची

सरगुजा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा के ऐतिहासिक रामगढ़ पहाड़ी में सोमवार को एक 11 साल की बच्ची करीब 150 फीट नीचे खाई में गिर गई. बच्ची डुमरिया, सूरजपुर की रहने वाली है और अपने परिजनों के साथ रामगढ़ दर्शन के लिए आई थी.


बताया जा रहा है कि बच्ची बंदरों से बचने के दौरान अपना संतुलन नहीं बना पाई और खाई में गिर गई.

विज्ञापन


पुलिस, प्रशासन, रामगढ़ सेवा समिति और स्थानीय युवाओं ने मिलकर दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चला बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. 


मिली जानकारी के मुताबिक भैयाथान के डुमनिया निवासी तुलेश्वर राजवाड़े अपने परिवार के साथ आज रामगढ़ मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे. साथ में 11 साल की बेटी बेबी राजवाड़े भी थी.


सुबह करीब 9 बजे सभी लोग मंदिर दर्शन करने पहाड़ी पर चढ़ रहे थे. इस दौरान चंदन मिट्टी के पास बंदरों का जमावड़ा था. इनमें से एक बंदर अचानक बेबी राजवाड़े के करीब आ गया जिससे वह डर गई.


बंदर से बचने के लिए भागते हुए खाई के किनारे पहुंच गई. इस बीच संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पहाड़ी से नीचे गहरी खाई में गिर गई.


इसे देख परिवार के लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल वन विभाग और पुलिस को दी.


सूचना मिलते ही वनकर्मियों के साथ उदयपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.


टीम रस्सी के सहारे नीचे उतरे और बच्ची को बचा लिया गया. बच्ची के पैर और सिर में चोट आई हैं. 


घायल बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में दाखिल कराया गया जहां से बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.


बीएमओ डॉ. योगेंद्र पैकरा ने बताया कि बच्ची खतरे से बाहर है. उसका सिटी स्कैन और पैर का एक्स-रे भी लिया गया है. गौरतलब है कि रामगढ़ पहाड़ी से किसी बच्चे के नीचे गिरने की यह दूसरी घटना है. 3 अप्रैल को भी बंदरों के कारण एक बच्ची नीचे गिर गई थी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP