रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

एक करोड़ की हेरोइन के साथ 9 गिरफ्तार

H

Hupendra Sharma

04 अग. 2025, 11:56 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

ड्रग्स
ड्रग्स

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने पंजाब के मुख्य तस्कर सहित 9 लोगों को गिरफ्तार किया है.


इनके पास से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की 412 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है. इस नेटवर्क का संचालन पाकिस्तान से पंजाब होते हुए छत्तीसगढ़ तक किया जा रहा था.

विज्ञापन


पुलिस को सूचना मिली थी कि राजधानी रायपुर से ड्रग्स बेचने का कारोबार चल रहा है. साथ ही कुछ विदेशी नंबरों के उपयोग की भी जानकारी मिली थी. इसके बाद रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई.


टीम आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी कर रही थी.


सूचना पुख्ता होने पर क्राईम ब्रांच व टिकरापारा थाना की विशेष टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए कमल विहार के एक मकान में दबिश देकर तीन आरोपियों को धर दबोचा. आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम लवलीत सिंह उर्फ बंटी निवासी पंजाब, सुवित श्रीवास्तव और अश्वनी चंद्रवंशी निवासी रायपुर बताए. इनके पास से 412.87 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया. 


पूछताछ में इन तीनों ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया. जिसके बाद अन्य 6 आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया.


इनमें लक्ष्य परिफल राघव उर्फ लव, अनिकेत मालाधरे, मनोज सेठ, मुकेश सिंह, जुनैद खान उर्फ सैफ चिला, राजविंदर सिंह उर्फ राजू शामिल हैं.


बताया गया कि आरोपी पिछले आठ महीने से शहर में ड्रग्स का कारोबार चला रहे थे. जांच में पता चला है कि आरोपी विदेशी मोबाइल नंबरों से इंटरनेट कॉलिंग, वीडियो व लोकेशन शेयरिंग जैसे हाईटेक तरीकों से ग्राहकों को हेरोइन पहुंचाते थे.


पैसों के लेन-देन के लिए म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे जांच एजेंसियों को चकमा दिया जा सके. पूछताछ में आरोपी लवजीत सिंह ने पाकिस्तान से ड्रग्स मंगवाने की बात कबूल की है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP