छत्तीसगढ़ में 3 घटनाओं में 6 की मौत
गरियाबंद/रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में तीन अलग-अलग घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो गई है. गरियाबंद जिले में एक कार से अलग-अलग बाइक में सवार पांच युवक टकरा गए. इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई.
तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे. वहीं एक अन्य घटना में रायगढ़ जिले में डैम में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई.
तीसरी घटना में कोरबा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने पैदल जा रहे गार्ड को कुचल दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक जेंजरा निवासी 5 लोग 3 अलग-अलग बाइकों में सवार होकर किसी काम से राजिम आए थे. काम निपटाने के बाद तीनों रात को वापस गांव लौट रहे थे.
उसी दौरान राजिम के सुरसाबांधा तालाब मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार से तीनों बाइक सवार एक-एक कर आमने-सामने टकरा गए.
कार गरियाबंद की ओर से आ रही थी. टक्कर इतनी जोरदार हुई कि कार के सामने 2 बाइक चढ़ गईं. वहीं एक बाइक दूर जाकर गिरी.
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने राजिम पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
जब तक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. वहीं तीन युवक गंभीर रूप से घायल थे.
पुलिस द्वारा तीनों को 108 एम्बुलेंस से राजिम सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया. लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहली ही एक और युवक ने दम तोड़ दिया.
घायल दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया.
इस हादसे में मरने वाले युवकों के नाम लोमचंद साहू, शीतल साहू और घनश्याम साहू हैं. तीनों युवक एक ही परिवार के थे.
डैम में डूबने से दो बहनों की मौत
इधर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार की सुबह पंचधारी डैम में दो सगी बहनों की पानी में तैरती हुई लाश मिली है. पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है.
पुलिस के मुताबिक घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है. विनोबा नगर निवासी दोनों बहन विंध्या जाटवर और अंजली जाटवर सोमवार की रात खाना खाने के बाद घर से पड़ोस में घूमने जाने के बात कहकर निकले थे.
देर रात तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने खोजबीज शुरू की. परिजन रात भर दोनों को ढूंढते रहे, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला.
मंगलवार की सुबह पंचधारी डैम के आसपास के लोगों ने पानी में तैरती हुई लाश देखी. तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकलवाया. पुलिस मृतकों के परिजनों से पूछताछ कर रही है.
ट्रेलर ने गार्ड को कुचला
एक और घटना में कोरबा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने पैदल जा रहे गार्ड को कुचल दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
गार्ड मिलन यादव अशोक लीलैंड कंपनी में काम करता था. घटना कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर हुआ है.
पुलिस के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे गार्ड मिलन ड्यूटी पर था और एक मंदिर में पूजा करने जा रहा था.
इसी दौरान ट्रेलर ने उसे कुचल दिया. मौके पर ही उनकी मौत हो गई.