स्थानांतरण की प्रक्रिया के लिए 5 दिन और मिले
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ शासन ने स्थानांतरण पर लगे प्रतिबंध की छूट को 5 दिन और बढ़ा दिया है. स्थानांतरण नीति की अवधि आज समाप्त होने वाली थी.
सरकार ने पहले यह छूट 14 जून से 25 जून तक शिथिल की थी. अब इसे बढ़ाते हुए 30 जून तक निर्धारित किया गया है.
सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में सभी विभागों के विभाग अध्यक्ष, संभाग आयुक्त और कलेक्टर को पत्र जारी कर दिया है.
आदेश में लिखा गया है स्थानांतरण नीति की शेष शर्तें यथावत रहेंगी.
इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि तारीख बढ़ाए जाने की मांग लगातार हो रही थी. इसलिए 5 दिन बढ़ा दिया गया है.
कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा निर्देश अनुरूप ट्रांसफर की प्रक्रिया चल रही है.
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में ही 4000 से ज्यादा ट्रांसफर के लिए आवेदन आए हैं. इसी तरीके से अन्य विभागों में भी हजारों की संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं.