छत्तीसगढ़ में कोरोना के 4 और मरीज मिले
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में कोरोना के चार और नए मरीज मिले हैं. पिछले दो दिनों में कोरोना के 8 नए मामले सामने आ चुके हैं. नए कोरोना पीड़ितों में 3 रायपुर और एक बिलासपुर से हैं. इसके साथ ही अब तक प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 15 हो गई है.
सबसे ज्यादा रायपुर में 10 मरीज हैं. इसके बाद दुर्ग में 3 मरीज सक्रिय हैं. इसी तरह बिलासपुर और बस्तर में एक-एक मरीज की पुष्टि हुई है. नए मरीजों की अब तक कोई ट्रैवल हिस्ट्री सामने नहीं आई. इनमें से एक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ज्यादातर मरीज हल्के लक्षण वाले हैं. इनमें से कुछ पहले से दूसरी बीमारियों से पीड़ित हैं. ऐसे मरीजों को ज्यादा तकलीफ हो रही है. हालांकि अभी घबराने वाली स्थिति नहीं है. ऐसे मरीज भी इलाज के बाद स्वस्थ हो रहे हैं.
राजधानी में 22 मई को कोरोना का पहला मरीज मिला था. उसके बाद से अब तक कोरोना के 12 मरीज सिर्फ रायपुर से सामने आ चुके हैं. इनमें से दो मरीज ठीक हो चुके हैं. प्रदेश में लगातार कोरोना के बढ़ रहे मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
जिन लोगों में भी इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (इली) और सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इलनेस (सारी) के लक्षण जिस भी मरीज में दिखें, उसके संबंध में तत्काल ही रिपोर्ट करने कहा है. साथ ही उनके सैंपल कोविड-19 जांच के लिए भेजा जाए. सभी सरकारी और प्राइवेट हॉस्पिटल को निर्देश दिए गए हैं कि इस तरह के लक्षण वाले मरीजों के संबंध में तुरंत रिपोर्ट करें.