रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दो अलग-अलग हादसों में 4 की मौत

H

Hupendra Sharma

02 जून 2025, 02:15 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

हादसों में 4 की मौत
हादसों में 4 की मौत

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के महासमुंद और बिलासपुर जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई. महासमुंद के शेरगांव में बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर से दो सगे भाइयों सहित 3 युवकों की मौत हो गई.


वहीं बिलासपुर में तेज रफ्तार इनोवा कार के पलटने से एक युवक की मौत हो गई. इस हादसे में 2 लोग घायल भी हुए हैं. जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई.

विज्ञापन


महासमुंद सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के शेरगांव में बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई.


बताया गया कि शेरगांव निवासी तीन युवक वरुण नायक, केवल नायक और तीरथ दीवान एक ही बाइक में सवार होकर महासमुंद आए हुए थे.


देर रात को तीनों वापस गांव लौट रहे थे. इस दौरान गांव के करीब ही मोड़ पर ट्रैक्टर से उनके बाइक की टक्कर हो गई.


टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक बाइक से दूर उछल गए. सिर में गंभीर चोट आने के कारण तीनों मौके पर ही बेहोश हो गए.


राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.


आज सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया. मृतकों में केवल नायक और वरुण नायक दोनों सगे भाई थे.


इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसर गया है. हादसे के बाद से ट्रैक्टर ड्राइवर फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.


डिवाइडर से टकराते कार हवा में उछली

दूसरी घटना बिलासपुर की है. चकरभाठा निवासी पंकज छापड़ा, जैकी गेही और आकाश चांदनी पार्टी मनाने बिलासपुर आए थे.


देर रात को करीब 2-3 बजे के बीच अपनी इनोवा कार से वापस लौट रहे थे. 


गुरु नानक ढाबा के पास गाड़ी चला रहा युवक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और इनोवा डिवाइडर से टकरा गई.


गाड़ी काफी तेज गति में होने के कारण बेकाबू होकर हवा में उछल गई. इस दौरान कार के दरवाजे खुल गए और तीनों युवक बाहर फेंका गए.


पंकज और आकाश सड़क से दूर गिरे लेकिन जैकी गेही सड़क किनारे लगे लोहे के एंगल से जा टकराया. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.


गंभीर रूप से घायल पंकज और आकाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 


पुलिस के मुताबिक कार इतनी तेज गति में थी कि युवकों के गिरने के बाद आगे एक छोटा हाथी वाहन से टकराई.


इसके बाद 4-5 पल्टी खाते हुए ढाबे के बाहर खड़ी नई अर्टिगा कार से जा टकराई. इससे अर्टिका में बैठा चालक घायल हो गया. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP