दंतेवाड़ा में 3 नक्सली स्मारक ध्वस्त
दंतेवाड़ा | संवाददाता छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सली शहीदी सप्ताह से पहले सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नक्सली स्मारक को ध्वस्त कर दिया है.
सीआरपीएफ मालेवाही और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की.
एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान जवान शनिवार को पुसपाल, कहचेनार और मालेवाही में एरिया डॉमिनेशन के लिए निकली थी.
सर्चिंग के दौरान जवानों ने देखा की जंगल में माओवादियों ने अपने मारे गए साथियों का स्मारक बना रखा है.
कहचेनार के पास एक साथ तीन स्मारक थे. जिसमें दो स्मारक लकड़ी और एक सीमेंट से बना था. जवानों ने तीनों स्मारकों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया.
माओवादियों ने अपने मारे गए साथी CCM आनंद उर्फ सुदर्शन करटम, PL-16 डिप्टी कमांडर रामसू कोर्राम, जयमन और महिला माओवादी सुनीता की याद में ये स्मारक बनाए थे.
ज्ञात हो कि प्रतिबंधिक भाकपा (माओवादी) संगठन 28 जुलाई से 3 अगस्त तक शहीद सप्ताह मनाने का ऐलान किया है.
माओवादी इस दौरान नक्सल स्मारक निर्माण, बैनर-पोस्टर लगाना और जनसभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं.
लेकिन सुरक्षा बलों की तत्परता तथा सजगता से इस बार माओवादियों के मनोबल और प्रचार तंत्र को ध्वस्त कर दिया है.
संभावित माओवादी गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा बलों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और सर्च ऑपरेशन को बढ़ा दिया है.