रायगढ़ में दो सड़क दुर्घटनाओं में 3 की मौत
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई. तेज रफ्तार बाइक के पेड़ से टकराने से दो युवकों की मौत हो गई.
वहीं दो मोटरसाइकिलों के आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई. पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक पहली घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है. शनिवार देर रात को यह हादसा धरमजयगढ़-खरसिया मार्ग पर तपन ढाबा के पास की है.
बताया गया कि खड़गांव निवासी नवरत्न राठिया अपने साथी बायसी निवासी कमलेश राठिया के साथ मोटरसाइकिल में सवार होकर खरसिया की ओर जा रहे थे.
इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक तपन ढाबा के आगे मोड़ पर सड़क से नीचे उतरते हुए पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई.
आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया.
दूसरी घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है. ग्राम घुरनपाली निवासी कलशराम यादव बाइक से ओडिशा जाने के लिए निकला था.
बाघाडोला उद्यान के आगे मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई.
गंभीर रूप से घायल कलशराम को पुसौर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां सिर और कमर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद दूसरा बाइक सवार युवक अपनी बाइक को घटना स्थल पर ही छोड़ कर फरार हो गया है.
पुलिस अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है.