छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के 11 जिलाध्यक्ष बदले गए
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए 11 जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है. शनिवार को जिला अध्यक्षों की नियुक्ति का पत्र दिल्ली से जारी किया गया है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मंजूरी के बाद कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सूची जारी की है. कुछ दिन पहले ही छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट राज्य के दौरे में आए थे. इस दौरान उन्होंने संकेत दिए थे कि जल्द ही संगठन में कई नियुक्तियां की जाएंगी.
उन्होंने कहा था कि बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक खाली पदों को भरा जाएगा. वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी हाल ही में कई बार दिल्ली का दौरा कर चुके हैं. जिसके बाद से अटकलें लगाई जा रही थीं कि कांग्रेस अपने संगठन में बदलाव कर सकती है.
जारी सूची में बालोद जिले की जिम्मेदारी चंद्रेश हिरवानी को दी गई है. इसी प्रकार दुर्ग ग्रामीण राकेश ठाकुर, नारायणपुर बिसेल नाग, कोंडागांव बुद्धराम नेताम, कोरबा शहर नाथूलाल यादव, कोरबा ग्रामीण मनोज चौहान, बलौदाबाजार सुमित्रा घृतलहरे, सांरगगढ़-बिलाईगढ़ ताराचंद देवांगन, सरगुजा बलिकृष्ण पाठक, बलरामपुर कृष्ण प्रताप सिंह और बेमेतरा में आशीष छाबड़ा को अध्यक्ष बनाया गया है.
इससे पहले भी मुंगेली, बस्तर ग्रामीण और रायगढ़ ग्रामीण में नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई थी.
प्रदेश अध्यक्ष बदलने की भी अटकलें
छत्तीसगढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को भी बदलने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं.
भूपेश बघेल के राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद से यह दावा किया जा रहा है कि दीपक बैज की जगह पूर्व डिप्टी सीएम नेता टीएस सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है.
इस संबंध में टीएस सिंहदेव भी कह चुके हैं कि आला कमान द्वारा जो भी पद या दायित्व सौपा जाएगा स्वीकार होगा.