बिलासपुर: 'बादाम वाले वीडियो' के बाद हाउसिंग बोर्ड के दो अधिकारी नपे
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के बिलासपुर कार्यालय में फाइलों की 'गुमशुदगी' और प्रशासनिक सुस्ती के खिलाफ एक युवक का अनोखा विरोध प्रदर्शन रंग लाया है. सोशल मीडिया पर 'बादाम वाले वीडियो' के वायरल होते ही विभाग में हड़कंप मच गया, जिसके परिणामस्वरूप संपदा अधिकारी एल.पी. बंजारे और सहायक पुन्नम बंजारे को तत्काल प्रभाव से पद से हटाकर मुख्यालय अटैच कर दिया गया है.
यह पूरा मामला नामांतरण (म्यूटेशन) की प्रक्रिया में हो रही अत्यधिक देरी से जुड़ा है.
दरअसल, तरुण नामक एक युवक ने करीब एक साल पहले ईडब्ल्यूएस श्रेणी का एक फ्लैट खरीदा था और नियमनुसार रजिस्ट्री के बाद नामांतरण के दस्तावेज दफ्तर में जमा किए थे.
सामान्यतः दो-तीन महीने में होने वाली यह प्रक्रिया सात महीने बाद भी नहीं हुई. पीड़ित जब भी कार्यालय जाता, उसे फाइल गुम होने का बहाना बनाकर टाल दिया जाता.
लगभग 50 बार दफ्तर के चक्कर काटने से परेशान होकर तरुण ने विरोध का गांधीवादी लेकिन व्यंग्यात्मक तरीका चुना.
वह आधा किलो बादाम लेकर सीधे अधिकारी के पास पहुंच गया और उन्हें बादाम भेंट करते हुए कहा कि शायद इसे खाने से उनकी याददाश्त बेहतर हो जाए और उन्हें दबी हुई फाइल याद आ जाए.
दफ्तर में घटित इस रोचक घटनाक्रम का वीडियो जैसे ही सार्वजनिक हुआ, प्रशासन ने इसे कार्य के प्रति लापरवाही माना और जिम्मेदार अधिकारियों पर गाज गिरा दी. इस कार्रवाई को सरकारी दफ्तरों में लेटलतीफी के खिलाफ एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है.