दिल्ली में 'SIR' और मतदाता सूची से नाम हटाने के खिलाफ प्रदर्शन, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
नई दिल्ली । डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली में 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) और मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने के आरोपों के विरोध में शुक्रवार को माहौल गर्मा गया. 'पीपल अगेंस्ट SIR' के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को केंद्रीय दिल्ली से हिरासत में लिया है.
यह प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को तुरंत रोकने की मांग करते हुए भारत निर्वाचन आयोग (ECI) मुख्यालय की ओर मार्च निकाल रहे थे.
गोल डाक खाना के पास कालीबारी मार्ग और भाई वीर सिंह मार्ग के चौराहे से शुरू हुए इस प्रदर्शन में छात्रों, युवाओं और किसानों ने बड़ी संख्या में भाग लिया.
हाथों में तिरंगा और तख्तियां थामे प्रदर्शनकारियों ने "ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो" और "वोटों की चोरी बर्दाश्त नहीं होगी" जैसे तीखे नारे लगाए. इस विरोध प्रदर्शन को वरिष्ठ सीपीआईएम नेता वृंदा करात, ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक वुमेन्स एसोसिएशन (AIDWA), ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO), एसएफआई (SFI) और क्रांतिकारी युवा संगठन (KYS) का समर्थन मिला.
जब पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों ने प्रदर्शनकारियों को निर्वाचन आयोग मुख्यालय की ओर बढ़ने से रोका, तो वे वहीं सड़क पर बैठकर 'जन संसद' चलाने लगे.
इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और भारी पुलिस बल की तैनाती देखी गई. विरोध प्रदर्शन के चलते गोल डाक खाना, कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और जंतर-मंतर के आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही, जिसको लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी भी जारी की थी.
आयोजकों के अनुसार, SIR प्रक्रिया के विरोध में देश के 18 राज्यों के 88 शहरों में यह अभियान चलाया जा रहा है.