28 महीने बाद शनिवार को मणिपुर जायेंगे पीएम मोदी! राहुल बोले- ‘अच्छा है’
नई दिल्ली । डेस्क: 28 महीने की हिंसा और अशांति के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मणिपुर का दौरा कर रहे हैं. मणिपुर के मुख्य सचिव पुनीत गोयल ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से पीएम के दौरे की घोषणा की और उनके कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की.
यह दौरा मई 2023 से शुरू हुए सांप्रदायिक संघर्ष के बाद पीएम मोदी का मणिपुर का पहला दौरा है.
प्रधानमंत्री इम्फाल और चुराचांदपुर का दौरा करेंगे. गोयल ने बताया कि पीएम मोदी शनिवार को दोपहर करीब 12:30 बजे आइजोल से मणिपुर पहुंचेंगे. सबसे पहले वे चुराचांदपुर जाएंगे, जहां वे हिंसा के कारण विस्थापित हुए लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे.
इसके अलावा, चुराचांदपुर में एक जनसभा को संबोधित करने और कुछ विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने का भी कार्यक्रम है.
इसके बाद पीएम इम्फाल जाएंगे, जहां वे विस्थापितों से बात करेंगे और अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.
गोयल के अनुसार, पीएम मोदी 7,300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और 1,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.
पिछले दो साल से मणिपुर मेइती और कुकी समुदायों के बीच सांप्रदायिक हिंसा से जूझ रहा है. मई 2023 से शुरू हुई हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और करीब 57,000 लोग विस्थापित हुए हैं. मणिपुर सरकार ने विस्थापितों के लिए 280 से अधिक राहत शिविर बनाए हैं, जिनमें से कुछ का दौरा पीएम मोदी करेंगे.
मणिपुर में अशांति के बीच मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, और वर्तमान में राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है.
इस दौरान विपक्ष ने बार-बार पीएम मोदी पर मणिपुर के मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कई बार पीएम से मणिपुर का दौरा करने की मांग की थी.
अब पीएम के दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल ने कहा, “लंबे समय से वहां समस्या चल रही है. अब वे जा रहे हैं, यह अच्छा है.” हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अब असल मुद्दा “वोट चोरी” है.